menu-icon
India Daily

1.5 लाख का टीवी खरीदा, खराब हुआ तो कंपनी ने ही भेज दिया 5 करोड़ का लीगल नोटिस; जानें क्या है पूरा मामला

सोशल मीडिया पर Sony Bravia टीवी से जुड़ा एक मामला चर्चा में है. लक्ष्मीकांत तिवारी का दावा है कि उन्होंने करीब 1.5 लाख रुपये का टीवी खरीदा था, जो लगभग 22 महीने बाद खराब हो गया.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
1.5 लाख का टीवी खरीदा, खराब हुआ तो कंपनी ने ही भेज दिया 5 करोड़ का लीगल नोटिस; जानें क्या है पूरा मामला
Courtesy: ChatGPT

नई दिल्ली: महंगा स्मार्ट टीवी खरीदना हर ग्राहक के लिए बड़ी उम्मीद लेकर आता है लेकिन अगर लाखों रुपये खर्च करने के बाद टीवी खराब हो जाए और वारंटी के बावजूद समस्या का समाधान न हो, तो ग्राहक के लिए परेशानी बढ़ सकती है. सोशल मीडिया पर ऐसा ही एक मामला चर्चा में है, जिसमें एक ग्राहक ने करीब 1.5 लाख रुपये का Sony Bravia टीवी खरीदा था. बाद में टीवी में खराबी आई और विवाद इतना बढ़ गया कि ग्राहक को कथित तौर पर 5 करोड़ रुपये का लीगल नोटिस मिल गया.

सोशल मीडिया पर साझा की गई जानकारी के मुताबिक ग्राहक का नाम लक्ष्मीकांत तिवारी है. उन्होंने करीब 1.5 लाख रुपये में Sony Bravia स्मार्ट टीवी खरीदा था. दावा है कि टीवी खरीदने के लगभग 22 महीने बाद उसकी स्क्रीन पर एक वर्टिकल लाइन दिखाई देने लगी. ग्राहक के अनुसार टीवी के साथ तीन साल तक की वारंटी थी.

टीवी में आई वर्टिकल ग्रीन लाइन

टीवी में समस्या आने के बाद लक्ष्मीकांत ने कंपनी के कस्टमर केयर से संपर्क किया. इसके बाद कंपनी की ओर से टीवी की जांच की गई. सोशल मीडिया पर ग्राहक की ओर से साझा किए गए दावे के अनुसार, जांच के बाद कंपनी ने स्क्रीन पर दिखाई दे रही वर्टिकल ग्रीन लाइन को फिजिकल डैमेज से जुड़ा बताया.

ग्राहक ने इस निष्कर्ष पर आपत्ति जताई और मामले को सार्वजनिक करने का फैसला किया. इसके बाद उसने Sony Bravia से जुड़े नाम वाले एक डोमेन को खरीदकर उस पर पूरे विवाद से संबंधित जानकारी साझा करनी शुरू कर दी.

वेबसाइट पर पोस्ट किए दस्तावेज और तस्वीरें

ग्राहक ने कथित तौर पर वेबसाइट पर टीवी की तस्वीरें, मामले से जुड़े रिकॉर्ड, स्क्रीनशॉट और अपनी शिकायत से संबंधित अन्य जानकारी पोस्ट की. उसका उद्देश्य कंपनी के साथ हुए विवाद को सार्वजनिक करना बताया गया.

इसके बाद मामला और चर्चा में आ गया. ग्राहक के मुताबिक 1 सितंबर 2026 को उसे एक वकील की ओर से छह पेज का कानूनी नोटिस मिला. नोटिस में वकील ने खुद को Sony India का प्रतिनिधि बताया था.

5 करोड़ रुपये की मांग का दावा

ग्राहक द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए गए दावे के अनुसार, कथित कानूनी नोटिस में वेबसाइट हटाने और उस पर प्रकाशित सामग्री को डिलीट करने की मांग की गई. इसके अलावा कंपनी से माफी मांगने और 5 करोड़ रुपये की राशि देने की मांग का भी दावा किया गया है.