menu-icon
India Daily

Fast Charging से जल्दी खराब होती है फोन की Battery? जानें 67W, 80W और 120W चार्जिंग का सच

Fast Charging vs Battery Life: आजकल स्मार्टफोन खरीदते समय कैमरा, प्रोसेसर और डिस्प्ले के साथ फास्ट चार्जिंग भी एक बड़ा फीचर बन चुका है. लेकिन इतनी तेज चार्जिंग देखकर एक सवाल जरूर आता है, क्या फास्ट चार्जिंग से फोन की बैटरी जल्दी खराब होती है? 

Shilpa Shrivastava
Fast Charging से जल्दी खराब होती है फोन की Battery? जानें 67W, 80W और 120W चार्जिंग का सच
Courtesy: AI Generated

Fast Charging vs Battery Life: आजकल स्मार्टफोन खरीदते समय कैमरा, प्रोसेसर और डिस्प्ले के साथ फास्ट चार्जिंग भी एक बड़ा फीचर बन चुका है. बाजार में 33W, 45W, 67W, 80W और यहां तक कि 120W चार्जिंग वाले फोन भी मौजूद हैं. कुछ स्मार्टफोन महज 15-20 मिनट में काफी हद तक चार्ज हो जाते हैं. लेकिन इतनी तेज चार्जिंग देखकर एक सवाल जरूर आता है, क्या फास्ट चार्जिंग से फोन की बैटरी जल्दी खराब होती है? 

इसका सीधा जवाब है कि सिर्फ ज्यादा वाट वाली चार्जिंग को बैटरी खराब होने का जिम्मेदार नहीं माना जा सकता. बैटरी की एज काफी बड़ा कारक होती है. सिर्फ यही नहीं तापमान, चार्जिंग की आदत और फोन को लंबे समय तक फुल चार्ज रखने जैसे कई दूसरे कारण भी असर डालते हैं.

क्या फास्ट चार्जिंग बैटरी को नुकसान पहुंचाती है?

स्मार्टफोन में इस्तेमाल होने वाली लिथियम-आयन बैटरी समय के साथ अपनी क्षमता खोती है. यानी कुछ साल इस्तेमाल के बाद फोन पहले की तरह लंबे समय तक बैकअप नहीं दे पाता. यह बैटरी का नॉर्मल प्रोसेस है. फास्ट चार्जिंग के दौरान कम समय में ज्यादा एनर्जी बैटरी तक पहुंचती है. इससे फोन और बैटरी का टेम्प्रेचर बढ़ सकता है. लंबे समय तक ज्यादा गर्मी बैटरी की सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकती है. इसलिए समस्या केवल 67W या 120W चार्जिंग की नहीं है, बल्कि चार्जिंग के दौरान हीट को कंट्रोल करना काफी अहम होता है. 

फोन 80% के बाद धीरे चार्ज क्यों होता है?

अगर आपका फोन शुरुआत में बहुत तेजी से चार्ज होता है और 70-80 प्रतिशत के बाद चार्जिंग स्पीड कम हो जाती है, तो घबराने की जरूरत नहीं है. आजकल के एडवांस स्मार्टफोन में ऐसे सिस्टम होते हैं, जो बैटरी का तारपमान और चार्जिंग स्थिति को लगातार मैनेज करते हैं. बैटरी ज्यादा गर्म होने से बचाने के लिए फोन जरूरत पड़ने पर चार्जिंग स्पीड को कम कर देता है. यही वजह है कि कई बार फोन 0 से 50 या 60 प्रतिशत तक बहुत तेजी से चार्ज होता है, लेकिन 80 प्रतिशत के बाद स्पीड स्लो हो जाती है. 

ज्यादा टेम्प्रेचर से भी होती है परेशानी: 

बैटरी हेल्थ के लिए टेम्प्रेचर सबसे अहम चीजों में से एक है. खासकर गर्म मौसम में फोन को चार्ज करते समय सावधानी रखना जरूरी है. अगर चार्जिंग के दौरान फोन हल्का गर्म होता है तो यह नॉर्मल हो सकता है. लेकिन अगर फोन बहुत ज्यादा गर्म हो रहा है या लंबे समय तक गर्म बना रहता है, तो यह बैटरी के लिए अच्छा नहीं है. इसलिए फोन को सीधी धूप, गर्म कार या बहुत गर्म कमरे में रखकर चार्ज करने से बचना चाहिए.

67W या 120W चार्जिंग इस्तेमाल करें या नहीं?

अगर आपके फोन में 67W, 80W या 120W फास्ट चार्जिंग दी गई है, तो सिर्फ इस वजह से इसका इस्तेमाल करने से डरने की जरूरत नहीं है. एडवांस फोन और उनके चार्जिंग सिस्टम इसी क्षमता को ध्यान में रखकर डिजाइन किए जाते हैं. हालांकि, हमेशा फोन के साथ मिले या कंपनी द्वारा वेरिफाइड चार्जर और केबल का इस्तेमाल करना बेहतर है. चार्जिंग के दौरान फोन बहुत गर्म हो रहा हो तो गेम खेलने या भारी ऐप चलाने से बचें.

बैटरी लाइफ बढ़ाने के आसान तरीके: 

  • फोन को बहुत ज्यादा गर्म जगह पर चार्ज न करें.

  • चार्जिंग के दौरान लगातार गेमिंग से बचें.

  • भरोसेमंद और सही चार्जर-कैबल का इस्तेमाल करें.

  • जरूरत हो तो 80% चार्ज लिमिट ऑन करें.

  • फोन को बार-बार 0% तक डिस्चार्ज न होने दें.

  • लंबे समय तक 100% चार्ज पर रखने से बचें.