क्या Foldable Phone ले सकता है छोटे Tablet की जगह? जानिए फायदे और नुकसान
एक समय वो भी था जब छोटे कीपैड वाले फोन आते थे. फिर स्मार्टफोन आने लगे, अब ये और भी ज्यादा हाईटेक हो गए हैं, जिसके बाद से पिछले कुछ वर्षों से फोल्डेबल फोन्स का चलन भी तेजी से बढ़ गया है.
नई दिल्ली: एक समय वो भी था जब छोटे कीपैड वाले फोन आते थे. फिर स्मार्टफोन आने लगे, अब ये और भी ज्यादा हाईटेक हो गए हैं, जिसके बाद से पिछले कुछ वर्षों से फोल्डेबल फोन्स का चलन भी तेजी से बढ़ गया है. पहले जहां फोल्डेबल फोन को एक महंगे और अलग तरह के गैजेट के तौर पर देखा जाता था, वहीं अब इनमें बड़ी स्क्रीन, बेहतर प्रोसेसर, मल्टीटास्किंग और मजबूत डिजाइन जैसे फीचर्स देखने को मिलते हैं.
इनका स्टाइल बुक की तरह होता है. ये बुक की तरह खुल जाते हैं जिसके चलते इनकी स्क्रीन भी बड़ी मिलती है. इनकी स्क्रीन 8 इंच तक की होती है. यही वजह है कि अब यह सवाल उठने लगा है कि क्या एक फोल्डेबल फोन छोटे टैबलेट की जरूरत को पूरा कर सकता है? हालांकि, इसका जवाब आपकी जरूरत पर निर्भर करता है.
स्क्रीन साइज में कम हो रहा अंतर:
फोल्डेबल फोन और छोटे टैबलेट के बीच सबसे बड़ा अंतर स्क्रीन का माना जाता था. लेकिन अब यह अंतर काफी कम हो गया है. उदाहरण के तौर पर अगर आईपैड मिनी की बात करें तो इसकी स्क्रीन 8.3 इंच की थी. वहीं, कई ऐसे भी बुक-स्टाइल फोल्डेबल फोन हैं, जिनकी स्क्रीन करीब 8 इंच होती है. इसके अलावा कुछ फोल्डेबल मॉडल 7.5 से 8 इंच के बीच का स्क्रीन एरिया उपलब्ध कराते हैं. इसका मतलब है कि वीडियो देखने, वेब ब्राउजिंग, सोशल मीडिया और पढ़ने जैसे कामों में फोल्डेबल फोन का एक्सपीरियंस छोटे टैबलेट के काफी करीब पहुंच सकता है.
Also Read
एक डिवाइस में फोन और बड़ी स्क्रीन:
फोल्डेबल फोन का सबसे बड़ा फायदा इसकी वर्सेटेलिटी है. जब आप इसकी स्क्रीन को बंद कर देते हैं, तो नॉर्मल फोन की तरह इसे इस्तेमाल किया जा सकता है, जिसमें कॉल करना, मैसेज भेजना, फोटो खींचना, सोशल मीडिया चलाना आदि शामिल हैं. जरूरत पड़ने पर फोन को खोलकर बड़ी स्क्रीन का इस्तेमाल किया जा सकता है. इससे यूजर को फोन और टैबलेट दो अलग-अलग डिवाइस रखने की जरूरत कम हो सकती है.
मोबाइल इंटरनेट का भी फायदा:
फोल्डेबल फोन का एक और बड़ा फायदा इसकी मोबाइल कनेक्टिविटी है. स्मार्टफोन में पहले से ही SIM और मोबाइल डाटा की सुविधा होती है. इसलिए इंटरनेट इस्तेमाल करने के लिए अलग से टैबलेट कनेक्शन या हर बार फोन का हॉटस्पॉट इस्तेमाल करने की जरूरत नहीं पड़ती. हालांकि, कुछ टैबलेट भी ऐसे आते हैं, जो 4जी सपोर्ट करते हैं.
मल्टीटास्किंग में भी मददगार:
बड़ी फोल्डेबल स्क्रीन का इस्तेमाल एक साथ कई ऐप चलाने के लिए किया जा सकता है. उदाहरण के लिए, एक तरफ वीडियो देखते हुए दूसरी तरफ चैट या नोट्स खोले जा सकते हैं. यह उन लोगों के लिए सही रहता है, जो मोबाइल पर एक साथ कई छोटे काम करते हैं. हालांकि, इसका एक्सपीरियंस और उसके सॉफ्टवेयर पर निर्भर करता है. लेकिन लंबे काम के लिए टैबलेट बेहतर हो सकता है.
यह कहना सही नहीं होगा कि फोल्डेबल फोन हर स्थिति में टैबलेट को पूरी तरह रिप्लेस कर सकता है. अगर किसी व्यक्ति को लंबे समय तक वीडियो एडिटिंग, ग्राफिक डिजाइन, बड़े डॉक्यूमेंट, प्रेजेंटेशन या दूसरे प्रोडक्टिविटी काम करने हैं, तो बड़ा टैबलेट ज्यादा आरामदायक हो सकता है. फोल्डेबल फोन पर मल्टीटास्किंग संभव है, लेकिन लंबे समय तक काम करने के लिए स्क्रीन का आकार और कीबोर्ड जैसे एक्सेसरीज भी महत्वपूर्ण हो जाते हैं.
क्या फोल्डेबल फोन की कुछ कमियां भी हैं?
फोल्डेबल फोन में सामान्य स्मार्टफोन की तुलना में ज्यादा जटिल टेक्नोलॉजी होती है. इसमें हिंज और फोल्डिंग डिस्प्ले जैसी चीजें शामिल होती हैं. यही वजह है कि इनकी कीमत आम स्मार्टफोन से काफी ज्यादा हो सकती है. इसके अलावा, कुछ फोल्डेबल फोन सामान्य फोन की तुलना में मोटे और भारी होते हैं. स्क्रीन के बीच में दिखाई देने वाली क्रीज भी कुछ यूजर्स को पसंद नहीं आ सकती.
सॉफ्टवेयर सपोर्ट भी एक अहम मुद्दा है. हर ऐप फोल्डेबल स्क्रीन के लिए पूरी तरह ऑप्टिमाइज्ड नहीं होता. ऐसे में कुछ ऐप बड़ी स्क्रीन का पूरा फायदा नहीं उठा पाते.
किन लोगों के लिए फोल्डेबल फोन सही है?
अगर आपका टैबलेट इस्तेमाल मुख्य रूप से वीडियो देखने, सोशल मीडिया, वेब ब्राउजिंग, गेमिंग, ई-बुक पढ़ने या यात्रा तक सीमित है, तो फोल्डेबल फोन छोटे टैबलेट का अच्छा विकल्प बन सकता है. लेकिन अगर टैबलेट आपके काम का जरूरी हिस्सा है और आप उस पर घंटों एडिटिंग, डिजाइन, डॉक्यूमेंट या ऑफिस का काम करते हैं, तो इन सभी कामों के लिए अलग टैबलेट रखना ज्यादा सही हो सकता है.
आखिर फोल्डेबल फोन क्या टैबलेट को रिप्लेस कर सकता है?
फोल्डेबल फोन छोटे टैबलेट का काम काफी हद तक कर सकता है, लेकिन यह हर यूजर के लिए टैबलेट एक परफेक्ट विकल्प नहीं होता है. खरीदने से पहले यह देखना जरूरी है कि आप टैबलेट का इस्तेमाल किस तरह करते हैं. हल्के और रोजमर्रा के कामों के लिए फोल्डेबल फोन दो डिवाइस की जरूरत कम कर सकता है, जबकि प्रोफेशनल और लंबे समय के काम के लिए टैबलेट अभी भी ज्यादा उपयोगी हो सकता है.