एलिस हुआंग तो सिर्फ चेहरा थीं! इसके पीछे इस चीनी कारोबारी का नाम आया सामने; रिपोर्ट में हुआ खुलासा

Nvidia के AI चिप्स को अमेरिकी प्रतिबंधों के बावजूद चीन पहुंचाने के कथित नेटवर्क को लेकर WSJ की रिपोर्ट में 52 वर्षीय चीनी कारोबारी ली मिंग का नाम सामने आया है.

@yuki_eliot and @PainInYourFeed X Account
Km Jaya

Nvidia के एडवांस AI चिप्स को कथित तौर पर चीन पहुंचाने वाले नेटवर्क को लेकर एक नई मीडिया रिपोर्ट में बड़ा दावा किया गया है. अब तक इस मामले में सिंगापुर की कंपनी मेगास्पीड से जुड़ी एलिस हुआंग का नाम चर्चा में था, लेकिन रिपोर्ट के मुताबिक, इस नेटवर्क के पीछे 52 वर्षीय चीनी कारोबारी ली मिंग की अहम भूमिका थी. 

रिपोर्ट में दावा किया गया है कि उसने दक्षिण-पूर्व एशिया में कई कंपनियों का नेटवर्क तैयार किया था, जिसके जरिए अमेरिकी निर्यात प्रतिबंधों के बावजूद Nvidia के एडवांस AI चिप्स चीन तक पहुंचाने की कोशिश की गई. हालांकि, इस मामले में सामने आए आरोपों और जांच से जुड़े दावों को अंतिम रूप से साबित हुआ तथ्य नहीं माना जा सकता. मेगास्पीड ने भी किसी तरह की गड़बड़ी से इनकार किया है.

कौन है ली मिंग, जिस पर नेटवर्क चलाने का आरोप?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 52 वर्षीय ली मिंग चीन का नागरिक है और सिंगापुर में कारोबार करता था. वह Nvidia चिप्स से लैस कंप्यूटर सर्वर की खरीद और सप्लाई से जुड़ी कई कंपनियों के साथ काम कर रहा था. सिंगापुर में उसके खिलाफ फरवरी 2025 में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया था.


आरोप है कि ली मिंग ने अमेरिकी सप्लायरों को बताया था कि Nvidia चिप्स वाले सर्वर का इस्तेमाल सिंगापुर में उसकी अपनी कंपनी करेगी. लेकिन इन सर्वरों को पहले मलेशिया भेजा गया और फिर किसी तीसरे देश तक पहुंचाने का आरोप लगा. उसका मामला अभी अदालत में लंबित है और वह जमानत पर बाहर है. 

एलिस हुआंग और उनके पति से थे कारोबारी संबंध

WSJ की रिपोर्ट के मुताबिक, ली मिंग के एलिस हुआंग और उनके पति कांग वेई के साथ लंबे समय से कारोबारी संबंध थे. अमेरिकी सरकार की ओर से चीन को एडवांस Nvidia चिप्स की बिक्री पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद दक्षिण-पूर्व एशिया में कंपनियों का नेटवर्क तैयार किया गया.

रिपोर्ट में दावा किया गया है कि मेगास्पीड ने मलेशिया स्थित डेटा सेंटर के जरिए चीनी टेक कंपनी अलीबाबा को कंप्यूटिंग क्षमता उपलब्ध कराई. इसके अलावा कुछ Nvidia सर्वर चीन भी भेजे गए. रिपोर्ट के मुताबिक, इस नेटवर्क से जुड़े लोगों ने अमेरिकी प्रतिबंधों के बावजूद चीन में एडवांस कंप्यूटिंग क्षमता उपलब्ध कराने की कोशिश की.

इस मामले में एक और महत्वपूर्ण बात सामने आई है. रिपोर्ट के मुताबिक, मेगास्पीड से जुड़े लोगों ने Novagate Cloud नाम से नया कारोबार भी शुरू किया. शिपमेंट रिकॉर्ड के हवाले से रिपोर्ट में दावा किया गया है कि 2026 के शुरुआती पांच महीनों में इस कंपनी से जुड़ी एक इकाई को मलेशिया में कम से कम 30 करोड़ डॉलर के Nvidia चिप्स वाले हार्डवेयर मिले. 

जेनसन हुआंग के साथ रिश्तों को लेकर भी चर्चा

यह मामला Nvidia के पूर्व CEO जेनसन हुआंग की निजी जिंदगी से भी जुड़ा रहा है. एलिस हुआंग के साथ उनके कथित प्रेम संबंधों को लेकर विवाद सामने आया था. नवंबर 2026 की शुरुआत में जेनसन हुआंग ने अपने कर्मचारियों को पत्र लिखकर अपनी पत्नी और सहकर्मियों से माफी मांगी थी.

इसके बाद 12 नवंबर 2026 को Nvidia ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की कि जेनसन हुआंग ने CEO, प्रेसिडेंट और बोर्ड सदस्य के पद से इस्तीफा दे दिया है. कंपनी की CFO कोलेट क्रेस को अंतरिम CEO नियुक्त किया गया है. कंपनी ने अमेरिकी नियामक के पास भी इस बदलाव से संबंधित दस्तावेज दाखिल किए हैं. 

सिंगापुर में एलिस हुआंग की भी हुई थी जांच

मेगास्पीड और उससे जुड़े लोगों के खिलाफ सिंगापुर में फरवरी 2025 से जांच चल रही है. सिंगापुर के गृह मंत्रालय के मुताबिक, एलिस हुआंग कंपनी की तत्कालीन CEO, चेयरपर्सन और प्रमुख नियंत्रकों में शामिल थीं. इसलिए उनसे भी पूछताछ की गई थी. हालांकि, सिंगापुर सरकार ने स्पष्ट किया कि एलिस के खिलाफ जासूसी के मामले में जांच नहीं हुई थी.

फरवरी 2026 में पुलिस ने पाया कि उनके खिलाफ संभावित गलत घोषणाओं से जुड़े अपराध साबित करने के लिए पर्याप्त सबूत नहीं हैं. लेकिन जांच के दौरान अपनी भूमिका को कम करके बताने और गलत जानकारी देने के कारण उन्हें कड़ी चेतावनी जारी की गई थी. उन्हें सिंगापुर में दोबारा प्रवेश करने से भी रोक दिया गया था. सिंगापुर सरकार के मुताबिक, मेगास्पीड और छह अन्य व्यक्तियों के खिलाफ जांच जारी है. वहीं, कंपनी ने किसी भी तरह की गलत गतिविधि में शामिल होने से इनकार किया है और कहा है कि वह निर्यात नियमों का पालन करती है.