Apple Pay की भारत में एंट्री से मचेगी हलचल! GPay-PhonePe को मिलेगी टक्कर या नहीं?

भारत में Apple Pay की एंट्री को लेकर हलचल तेज हो गई है. रिपोर्ट्स के अनुसार, ऐपल अपनी पेमेंट सेवा को अक्टूबर में भारतीय बाजार में उतार सकता है. शुरुआत में Axis Bank के क्रेडिट कार्ड को सपोर्ट मिलने की बात कही जा रही है

Pinterest
Reepu Kumari

नई दिल्ली: iPhone इस्तेमाल करने वाले भारतीय यूजर्स को जल्द एक नई पेमेंट सुविधा मिल सकती है. Apple Pay को भारत में लॉन्च करने की तैयारी की खबर सामने आई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऐपल अक्टूबर में अपनी पेमेंट सर्विस यहां शुरू कर सकता है. शुरुआती चरण में Axis Bank के क्रेडिट कार्ड को इसमें शामिल किए जाने की संभावना है. HDFC Bank और ICICI Bank के साथ भी कंपनी की बातचीत चलने की जानकारी सामने आई है.

भारत के लिए Apple Pay की शुरुआत इसलिए भी खास है क्योंकि यह सेवा कई साल पहले दूसरे बाजारों में पहुंच चुकी थी. अमेरिका में Apple Pay की शुरुआत 2014 में हुई थी, जबकि भारत में इसकी एंट्री अब होने जा रही है. हालांकि यहां कंपनी का शुरुआती मॉडल दूसरे देशों से कुछ अलग हो सकता है. सबसे बड़ा सवाल UPI को लेकर बना हुआ है, क्योंकि भारतीय डिजिटल पेमेंट का बड़ा हिस्सा इसी व्यवस्था पर निर्भर है.

iPhone बनेगा आपका कार्ड

अगर आपके पास Apple Pay से जुड़ा क्रेडिट कार्ड है, तो कॉन्टैक्टलेस कार्ड मशीन पर भुगतान करना आसान होगा. आपको iPhone या Apple Watch को मशीन के पास ले जाना होगा. इसके बाद Face ID या Touch ID के जरिए भुगतान की पुष्टि की जा सकेगी. यानी दुकान पर कार्ड निकालने की जरूरत नहीं होगी. Apple Pay में कार्ड की वास्तविक जानकारी सीधे दुकानदार के साथ साझा नहीं होती, जिससे भुगतान के दौरान सुरक्षा की एक अतिरिक्त परत मिलती है.


पहले किन ग्राहकों को मिलेगा फायदा?

भारत में Apple Pay की शुरुआत सीमित बैंकिंग सपोर्ट के साथ हो सकती है. रिपोर्ट्स में Axis Bank के क्रेडिट कार्ड को शुरुआती विकल्प बताया गया है. जुलाई तक बैंक के करीब 1.63 करोड़ सक्रिय क्रेडिट कार्ड बताए गए थे. ऐसे में ऐपल को शुरुआती दौर में एक बड़ा ग्राहक आधार मिल सकता है. HDFC Bank और ICICI Bank भी संभावित साझेदारों में हैं, लेकिन इनके साथ बातचीत पूरी होने की जानकारी अभी सामने नहीं आई है.

UPI आया तो बदल सकता है पूरा खेल

भारत में किसी पेमेंट सेवा की सफलता में UPI की भूमिका को नजरअंदाज करना मुश्किल है. अगस्त 2026 में UPI के जरिए 24.5 अरब से ज्यादा लेनदेन हुए थे. डिजिटल भुगतान में इसकी हिस्सेदारी करीब 84 प्रतिशत बताई गई. ऐसे में अगर Apple Pay शुरुआत में सिर्फ कार्ड भुगतान तक सीमित रहता है, तो QR कोड स्कैन कर सीधे UPI भुगतान करने की सुविधा नहीं मिलेगी. हालांकि UPI सपोर्ट को लेकर अलग-अलग रिपोर्ट्स सामने आई हैं.

Apple Pay बनाम PhonePe-Google Pay

फिलहाल Apple Pay को सीधे PhonePe या Google Pay का विकल्प मानना सही नहीं होगा. दोनों प्लेटफॉर्म भारत में बड़े पैमाने पर UPI भुगतान के लिए इस्तेमाल किए जाते हैं. दूसरी ओर, Apple Pay का शुरुआती मॉडल क्रेडिट कार्ड और कॉन्टैक्टलेस भुगतान पर केंद्रित दिखाई दे रहा है. अगर भविष्य में इसमें UPI सुविधा भी जुड़ती है, तब iPhone से QR आधारित भुगतान का विकल्प मिल सकता है. Apple ने अभी भारत में लॉन्च से जुड़ी पूरी जानकारी सार्वजनिक नहीं की है.