पाकिस्तान ने बिगाड़ा दिवाली का जश्न, अंडर-19 एशिया कप में भारत को 3 विकेट से हराया
अंडर-19 एशिया कप में पाकिस्तान ने भारत को 3 विकेट से हरा दिया. इस हार ने भारत के दिवाली के जश्न को फीका कर दिया.
भारत-पाकिस्तान के मुकाबले पर पूरी दुनिया की नजर रहती है. रविवार को भी दोनों टीनों के बीच अंडर-19 का मुकाबला हुआ. अल अमेरात क्रिकेट स्टेडियम खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 46.3 ओवर में 10 विकेट खोकर 209 रन बनाए. भारत के लिए अर्जुन राजपूत ने 85 गेंदों में 107 रनों की शानदार पारी खेली. अर्जुन के अलावा भारत का कोई भी बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सका. पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग ने 40 गेंदों में 22 रन, काव्या पटेल ने 45 गेंदों में 23 रन बनाए.
जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी टीम ने 48.1 ओवर में ही इस लक्ष्य को हासिल कर लिया. पाकिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज हमजा जहूर ने शतकीय पारी खेलकर भारत के दिवाली जश्न को फीका करने में अहम भूमिका निभाई. जहूर ने 10 चौके और 3 छक्कों की मदद से 108 गेंदों में 100 रन बनाए और पाकिस्तान को जीत दिला दी.
भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत तो बढ़िया की थी और मात्र 61 रन के स्कोर पर पाकिस्तान की आधी टीम को आउट कर दिया था. उस वक्त ऐसा लग रहा था कि भारत इस मैच को जीत लेगा लेकिन 7वें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे हमजा जहूर ने भारत के दिवाली जश्न में जहर घोल दिया और नाबाद शतकीय पारी खेलकर भारत को हार की कगार पर पहुंचा दिया.
पाकिस्तान की ओर से छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे हसनैन अब्बास डार ने अपनी टीम के लिए 38 गेंदों में महत्वपूर्ण 67 रन बनाए. डार और जहूर के बीच छठे विकेट के लिए 107 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई. भारत की ओर से मनल चौहान ने 3 विकेट लिए. वहीं मोहित उल्वा ने दो विकेट लिए. इसके अलावा ईशान सूद और काव्या पटेल ने एक-एक विकेट लिया.