नई दिल्ली: Apple अपनी आने वाली और मौजूदा आईफोन की कीमतों में करीब 100 डॉलर यानी लगभग 10,000 रुपये की बढ़ोतरी करने की तैयारी में है. अगर यह खबर सही निकली तो भारत में खरीदारों को नई आईफोन 18 प्रो सीरीज के साथ-साथ आईफोन 17, आईफोन एयर और आईफोन 17ई जैसे मॉडल भी महंगे मिल सकते हैं. रिपोर्ट्स के अनुसार, Apple व्यापक स्तर पर कीमत बढ़ाने जा रहा है.
बता दें कि यह बढ़ोतरी 8 सितंबर के आसपास हो सकती है, जब कंपनी आईफोन 18 प्रो, आईफोन 18 प्रो मैक्स और अपना पहला फोल्डेबल बुक-स्टाइल आईफोन लॉन्च कर सकती है. Apple ने अभी तक न तो लॉन्च डेट की पुष्टि की है और न ही कीमतों में किसी बदलाव की.
अभी भारत में आईफोन 17 का 256 जीबी मॉडल 82,900 रुपये से शुरू होता है. आईफोन एयर 1,19,900 रुपये और आईफोन 17ई 64,900 रुपये में उपलब्ध है. अगर 10,000 रुपये की बढ़ोतरी हुई तो आईफोन 17 करीब 92,900 रुपये, आईफोन एयर 1,29,900 रुपये और आईफोन 17ई 74,900 रुपये से शुरू हो सकते हैं.
Apple नई सीरीज लॉन्च होने के बाद आईफोन 17 प्रो और 17 प्रो मैक्स को बंद भी कर सकता है. आईफोन 16 और 16 प्लस भी लाइनअप से हट सकते हैं. कंपनी ने इस बारे में कुछ आधिकारिक नहीं कहा है.
Apple ने इस साल कुछ बाजारों में पहले ही कीमतें बढ़ाई हैं. मैन्युफैक्चरिंग और पार्ट्स की लागत बढ़ने से कंपनी का खर्च बढ़ गया है. लंबे समय से ग्लोबल प्राइस हाइक की अफवाहें चल रही थीं. अब लगता है कि नई आईफोन 18 प्रो सीरीज के लॉन्च के साथ ही कीमतें बढ़ाई जा सकती हैं. Apple अपनी प्रॉफिट मार्जिन बचाना चाहता है क्योंकि डिवाइस बनाना महंगा होता जा रहा है.
आईफोन 18 प्रो सीरीज पिछले प्रो मॉडल से महंगी हो सकती है. फोल्डेबल आईफोन आने से कीमतें और ऊंची जा सकती हैं. फिलहाल यह सिर्फ अफवाह है. Apple ने कीमतों में बदलाव को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है. भारतीय खरीदारों को नई आईफोन लॉन्च होने तक इंतजार करना होगा. तब जाकर असली कीमतों का पता चलेगा.