गर्मियों में AC ऑन करने से पहले जरूर करें ये 5 काम, नहीं तो होगा बड़ा नुकसान

गर्मियों में एसी ऑन करने से पहले आपको कुछ बातों का ख्याल रखना होगा. इसमें एसी फिल्टर से आउटडोर यूनिट तक, कई जरूरी बातें शामिल हैं.

Pinterest
Shilpa Srivastava

नई दिल्ली: गर्मियां धीरे-धीरे दस्तक दे रही हैं. दिन में काफी गर्मी होने लगी है. चिलचिलाती धूप भी परेशान कर रही है. यह वो मौसम है जब एसी की सर्विसिंग करा लेनी चाहिए, जिससे सही समय आने आने पर ये गर्मियों के लिए तैयार रहें. एसी को लेकर अगर आप बेसिक चेक करना छोड़ देते हैं, तो आप पसीने से तर-बतर हो सकते हैं, खराब कूलिंग, ज्यादा बिजली का बिल या खराब मशीन की दिक्कत आपको आ सकती है. 

यहां हम आपको 5 ऐसे जरूरी कामों की लिस्ट दे रहे हैं, जो गर्मियों में एसी को ऑन करने से पहले जरूर कर लेने चाहिए. इनमें एसी फिल्टर से आउटडोर यूनिट तक, कई जरूरी बातें शामिल हैं.

1. AC के फिल्टर साफ करें या बदलें:

एसी फिल्टर अगर गंदा हो जाता है तो कूलिंग सही से नहीं होती है. इसे इस्तेमाल करते-करते इसमें गंदगी जम जाती है. अगर आप उन्हें गंदा छोड़ देते हैं, तो आपके AC को ज्यादा मेहनत करनी पड़ सकती है. इससे यह कमरा भी देर में ठंडा करता है और बिजली का बिल भी ज्यादा आता है. इसे आप घर पर भी आसानी से साफ किया जा सकता है. इन्हें एसी से बाहर निकालें और फिर उन्हें पानी से साफ करें. इसके बाद फिल्टर को सूखने दें. फिर दोबारा एसी में लगा दें. 

2. आउटडोर यूनिट भी है जरूरी:

आउटडोर यूनिट आमतौर पर सर्दियों में धूल, पत्तियों या हवा से आने वाली किसी भी चीज से ढक जाती है, इससे यह अपनी पूरी क्षमता का इस्तेमाल नहीं कर पाता है. ऐसे में इसे अच्छे से साफ करें, जिससे आस-पास के एयरफ्लो में कोई रुकावट न आए. बता दें कि बंद आउटडोर यूनिट आपके AC को मुश्किल में डालती है और कंप्रेसर पर भी दबाव डाल सकती है.

3. वायरिंग और पावर कनेक्शन चेक करें:

जब भी एसी की पावर ऑन करें तो उससे पहले प्लग, सॉकेट और जो भी तार दिखें, उन पर एक नजर जरूर डालें. अगर आपका एसी स्टेबलाइजर के साथ काम करता है तो उसे भी जरूर चेक करें. लूज वायर या फिर डैमेज वायर परेशानी का कारण बन जाते हैं. इससे शॉर्ट सर्किट का खतरा बढ़ जाता है. अगर कुछ गड़बड़ लगे, तो तुरंत किसी टेक्नीशियन को बुलाएं.

4. कूलिंग और थर्मोस्टेट को टेस्ट करें:

एसी की परफॉर्मेंस पर ध्यान जरूर दें. कूलिंग पर नजर रखें. थर्मोस्टेट को लगभग 24 डिग्री सेल्सियस पर सेट करें. अगर यह अच्छी तरह से ठंडा नहीं कर रहा है या एयरफ्लो कमजोर लग रहा है, तो हो सकता है कि गैस कम हो या कोई अंदरूनी दिक्कत हो. इसके लिए टेक्नीशियन से सलाह लें.

5. डीप क्लीनिंग के लिए प्रोफेशनल सर्विस बुक करें: 

एयर कंडीशनर की सालाना डीप क्लीनिंग करवाना काफी जरूरी होता है. इससे गैस लेवल चेक करने में मदद मिलती है. यह AC के कॉइल को साफ करेगा, कंप्रेसर पर नजर रखेगा और यह पक्का करेगा कि ड्रेनेज पाइप साफ हैं. रेगुलर सर्विसिंग आपके AC को जरूरत के समय खराब होने से बचाती है.