menu-icon
India Daily

लॉन्ग वीकेंड पर बना सकते हैं पहाड़ों का प्लान, मौसम का बदल रहा मिजाज! बर्फबारी से और खूबसूरत दिखेगा नजारा

उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदला-बदला नजर आ रहा है. अगर आपकी भी लॉन्ग वीकेंड की छुट्टी है तो आप पहाड़ों पर घूमने का प्लान बना सकते है. बर्फबारी से नजारा और खूबसूरत नजर आ सकता है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
लॉन्ग वीकेंड पर बना सकते हैं पहाड़ों का प्लान, मौसम का बदल रहा मिजाज! बर्फबारी से और खूबसूरत दिखेगा नजारा
Courtesy: X (@shubhamtorres09)

उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर से बदलाव का रुख दिखा रहा है. राज्य के पर्वतीय जिलों में शुक्रवार को कहीं-कहीं गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है. हालांकि, मैदानी इलाकों में धूप निकलने से गर्मी का एहसास बढ़ने लगा है.

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में शुक्रवार को कहीं-कहीं गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं. तीन हजार मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की भी संभावना है.

गर्मी के कारण बढ़ रहा था खतरा

पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी के कारण इलाकों में सर्दी अभी भी बनी हुई है. मौसम सुहावना बना हुआ है और गर्मी का एहसास नहीं हो रहा है. मैदानी क्षेत्रों में पिछले दो दिनों की बारिश के बाद कुछ समय के लिए तापमान नीचे आ गया है. हालांकि अभी कुछ दिनों से तापमान बढ़ने के कारण जंगलों में आग लगने की घटनाएं एक बार फिर शुरू हो गई थी. कोटद्वार के दुगड्डा-गुमखाल क्षेत्र के बीच जंगल में कई जगह आग लग गई. इस आग से वन संपदा को नुकसान पहुंचा है. हालांकि मौसम में बदलाव से लोगों को राहत मिलने वाला है. लेकिन बार-बार मौसम के बदलने से स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है, ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है. सर्दी और जुकाम से बचने के लिए गर्म कपड़े पहनें.

पहाड़ों में हो सकती है बर्फबारी 

मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना को देखते हुए यात्रियों और पर्यटकों को सावधानी बरतने के लिए कहा गया है. खासकर उच्च हिमालयी क्षेत्रों में जाने वाले लोगों को मौसम की जानकारी लेकर ही निकलना चाहिए. उत्तराखंड में मार्च के अंतिम दिनों में मौसम का यह दोहरा मिजाज आम है. पर्वतों पर ठंड और बारिश-बर्फबारी तो मैदानों में बढ़ती गर्मी. अभी कुछ दिनों के लिए मौसम में उतार-चढ़ाव रह सकता है. विभाग ने कहा है कि वह स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है और आवश्यक जानकारी समय-समय पर जारी की जाएगी.