Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में फिर तेज होगा मानसून, 6 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट
उत्तराखंड में मानसून फिर सक्रिय हो गया है. मौसम विभाग ने देहरादून समेत छह जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. सोमवार से प्रदेशभर में बारिश का दौर और तेज होने की संभावना है.
उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय होता नजर आ रहा है. पिछले कुछ दिनों से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में रुक-रुककर हो रही बारिश के बीच अब मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, सोमवार से प्रदेश में मानसून की गतिविधियां और तेज होंगी, जिससे कई जिलों में भारी बारिश दर्ज की जा सकती है.
शनिवार को राजधानी देहरादून सहित कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई. इससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन कई निचले क्षेत्रों में जलभराव की समस्या भी सामने आई. पर्वतीय जिलों में भी तेज बारिश का दौर जारी रहा, जिससे कुछ स्थानों पर भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है.
इन 6 जिलों में येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने रविवार के लिए प्रदेश के छह जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. इनमें देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल शामिल हैं. इन जिलों में कई स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है. इसके अलावा पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज से अति तीव्र बारिश के दौर आने की भी चेतावनी दी गई है. मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है.
Also Read
- Friendship Day 2026: पठान-टाइगर से संजू-कामली तक, फ्रेंडशिप डे पर याद करें बॉलीवुड की ये सबसे आइकॉनिक दोस्तियां
- कुर्सी से बांधकर चेहरे पर फेंकी जाती थी क्रीम पाई, अमेरिका की बड़ी टेलीकॉम कंपनी पर लगा उत्पीड़न का आरोप
- सिर्फ 2850 रुपये खर्च कर मिनटों में करें बाबा बैद्यनाथ के हवाई दर्शन, जानिए कैसे मिलेगी यह सुविधा
देहरादून में बारिश से मिली राहत
शनिवार को देहरादून में सुबह से ही बादलों का डेरा रहा. दोपहर बाद तेज बारिश शुरू हुई, जिसके बाद शाम तक हल्की और मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहा. बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली. हालांकि कई इलाकों में जलभराव होने से यातायात प्रभावित रहा. पिथौरागढ़, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग और अन्य पहाड़ी जिलों में लगातार हो रही बारिश के कारण भूस्खलन और चट्टानें गिरने का खतरा बढ़ गया है. कई नदी-नालों का जलस्तर भी बढ़ रहा है. ऐसे में स्थानीय प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों और यात्रियों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है.
सोमवार से और तेज होगा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार से प्रदेशभर में मानसून की गतिविधियां और अधिक सक्रिय होंगी. इसके चलते कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है. लगातार बारिश के कारण तापमान में और गिरावट आ सकती है, लेकिन निचले इलाकों में जलभराव और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं.