पाकिस्तान में बड़ा आतंकी हमला, DSP और सब-इंस्पेक्टर समेत 10 पुलिसकर्मियों की मौत, 5 गाड़ियां फूंकीं
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में आतंकियों ने पुलिस वैन पर घात लगाकर हमला किया. इसमें DSP और सब-इंस्पेक्टर समेत 10 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई.
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में बुधवार को आतंकवादियों ने पुलिस टीम को निशाना बनाया. कोहाट जिले में पुलिस की एक वैन पर घात लगाकर किए गए हमले में पुलिस उपाधीक्षक (DSP) और सब-इंस्पेक्टर समेत कम से कम 10 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई. पुलिस टीम अवैध सोने के खनन के खिलाफ अभियान चलाने जा रही थी.
पुलिस प्रवक्ता मोहम्मद नौमान जेब के मुताबिक, पुलिसकर्मी कोहाट जिले के गुम्बत कोहाट इलाके में कार्रवाई के लिए निकले थे. इसी दौरान कोहाट और करक जिलों के बीच दरबोकाच जालंधर बांदा इलाके में घात लगाए बैठे आतंकियों ने उन पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं.
'एक्सप्रेस ट्रिब्यून' की रिपोर्ट के अनुसार, हमलावरों ने पहाड़ियों के ऊपर से पुलिसकर्मियों पर अंधाधुंध गोलीबारी की. इस हमले में पुलिस के कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए. मृतकों में गुम्बत के DSP हैदर जमान और सब-इंस्पेक्टर मुख्तियार शामिल हैं.
Also Read
पांच पुलिस गाड़ियों को लगाई आग
हमले के दौरान आतंकवादियों ने पुलिस की पांच मोबाइल गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया. लगातार गोलीबारी के कारण पुलिस और हमलावरों के बीच मुठभेड़ हुई. घटना की जानकारी मिलते ही अतिरिक्त पुलिस वाहनों और भारी संख्या में सुरक्षाकर्मियों को मौके पर भेजा गया.
खैबर पख्तूनख्वा के गवर्नर फैसल करीम कुंडी ने हमले की निंदा की. उन्होंने इसे आपराधिक तत्वों और आतंकवादियों के गठजोड़ का नतीजा बताया. साथ ही मारे गए पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि देते हुए उनके परिवारों के प्रति संवेदना जताई.
पाकिस्तान में महिला टीवी एंकर की भी हुई थी हत्या
पाकिस्तान में हाल ही में महिला टीवी एंकर राबिया अहसान की रावलपिंडी स्थित उनके घर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. गुलशनाबाद इलाके में उनके घर से शव बरामद हुआ था. पुलिस ने मामले में उनके पति को हिरासत में लिया है और कथित हत्या में इस्तेमाल हथियार भी जब्त किया है.
रावलपिंडी के सिटी पुलिस ऑफिसर हसन मुश्ताक सुखेरा के मुताबिक, मामले की जांच जारी है. घर में काम करने वाले एक कर्मचारी ने जांचकर्ताओं को बताया कि राबिया के पति ने गोली चलने की घटना को हादसा बताया था. हालांकि, पुलिस इस दावे की भी जांच कर रही है.
मौत से कुछ घंटे पहले किया था आखिरी वीडियो पोस्ट
पंजाब फॉरेंसिक साइंस एजेंसी की टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. राबिया ने मौत से कुछ घंटे पहले सोशल मीडिया पर अपना आखिरी वीडियो पोस्ट किया था. इसमें उन्होंने साइबर धोखाधड़ी और ऑनलाइन ठगी के प्रति लोगों को जागरूक किया था. राबिया एक स्थानीय निजी टीवी चैनल में एंकर और प्रोग्राम होस्ट थीं. वह अपने करियर में हम न्यूज, जीटीवी और 92 न्यूज के साथ भी काम कर चुकी थीं.