नेपाल में सुबह-सुबह कांपी धरती, 4.9 तीव्रता के आया भूकंप; जानिए कितना खतरनाक था झटका
नेपाल में बुधवार सुबह लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किए. सुबह-सुबह धरती हिलने से लोगों में हलचल पैदा हो गई. रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 4.9 दर्ज की गई.
नई दिल्ली: नेपाल में बुधवार सुबह लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किए. सुबह-सुबह धरती हिलने से लोगों में हलचल पैदा हो गई. रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 4.9 दर्ज की गई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, भूकंप सुबह करीब 4:30 बजे आया. इसकी गहराई जमीन से लगभग 73 किलोमीटर नीचे बताई गई है.
भूकंप का केंद्र नेपाल में 27.671 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 87.987 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था. फिलहाल इस घटना में किसी की मौत, घायल होने या संपत्ति को नुकसान पहुंचने की स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है. बता दें कि इससे पहले 1 नवंबर को जापान में भी भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए थे. उस समय भूकंप की तीव्रता 6.0 मापी गई थी. हालांकि, उस घटना में भी किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं आई थी.
Also Read
आखिर क्यों आते हैं भूकंप?
भूकंप आने की मुख्य वजह पृथ्वी की ऊपरी सतह के नीचे मौजूद टेक्टोनिक प्लेटों की हलचल है. पृथ्वी की ऊपरी परत कई बड़ी और छोटी प्लेटों में बंटी हुई है. ये प्लेटें लगातार धीरे-धीरे खिसकती रहती हैं. जब ये प्लेटें आपस में टकराती हैं या एक-दूसरे से रगड़ खाती हैं, तो इनके अंदर दबाव जमा होने लगता है. जब यह दबाव अचानक बाहर निकलता है, तो धरती में कंपन पैदा होता है. इसी घटना को भूकंप कहा जाता है.
कितना खतरनाक होता है भूकंप?
भूकंप की तीव्रता मापने के लिए रिक्टर स्केल का इस्तेमाल किया जाता है. सामान्य तौर पर 2.0 से कम तीव्रता वाले भूकंप बहुत हल्के होते हैं और अक्सर महसूस नहीं होते. वहीं, 4.5 या उससे अधिक तीव्रता के भूकंप कुछ परिस्थितियों में इमारतों को नुकसान पहुंचा सकते हैं. 7.0 या उससे अधिक तीव्रता वाले भूकंप काफी विनाशकारी साबित हो सकते हैं.