menu-icon
India Daily

उत्तराखंड में आज से बारिश का कहर! देहरादून समेत 3 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी

उत्तराखंड में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.

babli
Edited By: Babli Rautela
उत्तराखंड में आज से बारिश का कहर! देहरादून समेत 3 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी
Courtesy: AI

उत्तराखंड में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है. मौसम विभाग ने सोमवार से प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है. इसे देखते हुए देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. वहीं प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी तेज बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली को लेकर यलो अलर्ट घोषित किया गया है. मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है.

इन 3 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर में सोमवार को भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. इन जिलों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और अत्यधिक तीव्र बारिश के दौर पड़ने की संभावना जताई गई है. प्रशासन को भी संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्क रहने और स्थिति पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं.

इन जिलों में यलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, चंपावत, ऊधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है. इन इलाकों में कहीं-कहीं भारी बारिश, तेज गर्जना और बिजली चमकने के साथ बारिश के तेज दौर आने की संभावना है. वहीं हरिद्वार में भी गरज-चमक और बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है.

लगातार बारिश को देखते हुए मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, चट्टान गिरने और नदी-नालों के जलस्तर में अचानक वृद्धि की आशंका जताई है. चारधाम यात्रा मार्गों और पहाड़ी सड़कों पर सफर करने वाले यात्रियों से विशेष सावधानी बरतने और स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की गई है.

रविवार को ऐसा रहा मौसम

रविवार को देहरादून और आसपास के इलाकों में सुबह हल्की धूप निकलने से उमस बढ़ गई थी. हालांकि शाम होते-होते झमाझम बारिश ने मौसम सुहावना बना दिया. पर्वतीय जिलों में भी कई स्थानों पर अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि अधिकांश क्षेत्रों में तापमान सामान्य या सामान्य से थोड़ा अधिक रहा.