Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में बदल गया मौसम का मिजाज, मैदानों में उमस और गर्मी से लोगों का हाल बेहाल, वहीं पहाड़ों में बारिश का अलर्ट
उत्तराखंड में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने से मैदानी क्षेत्रों में उमसभरी गर्मी बढ़ गई है. देहरादून का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है. चलिए जानते हैं आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम.
देहरादून: उत्तराखंड में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है. लगातार बारिश के बाद पिछले कुछ दिनों से मौसम साफ रहने और तेज धूप निकलने के कारण प्रदेश के मैदानी इलाकों में उमस और गर्मी का असर तेजी से बढ़ गया है. मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम का मिजाज लगभग इसी तरह बना रह सकता है. हालांकि पर्वतीय जिलों में कहीं कहीं हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है.
राजधानी देहरादून में दिनभर तेज धूप खिलने से लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा. पिछले दो सप्ताह में पहली बार यहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया. तापमान सामान्य से तीन से चार डिग्री अधिक दर्ज किया गया, जिससे उमस ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बारिश में आई कमी और लगातार धूप के कारण मैदानी इलाकों में गर्मी का असर अधिक महसूस हो रहा है.
मौसम विभाग ने क्या बताया?
मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़, चंपावत, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गर्जन और बिजली चमकने की संभावना है. इन जिलों में कहीं कहीं तेज बारिश के दौर भी देखने को मिल सकते हैं. वहीं प्रदेश के अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में भी हल्की बारिश हो सकती है.
Also Read
अन्य जिलों में कैसी है स्थिति?
दूसरी ओर देहरादून, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर समेत अधिकांश मैदानी जिलों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है. ऐसे में दिन के समय तेज धूप और उमसभरी गर्मी लोगों को परेशान करती रहेगी. मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से धूप में बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है.
कितना है तापमान?
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून का अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री और न्यूनतम 25.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पंतनगर में अधिकतम तापमान 36.0 डिग्री और न्यूनतम 26.8 डिग्री सेल्सियस रहा. मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री और न्यूनतम 14.1 डिग्री दर्ज किया गया.