उत्तराखंड के सीमावर्ती जिले पिथौरागढ़ से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. यहां 13 साल की एक किशोरी अपने ही पिता की कथित गलत हरकतों से परेशान होकर जून महीने में घर छोड़कर चली गई.
पुलिस ने बताया कि काफी तलाश के बाद चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने बच्ची को सुरक्षित बरामद किया. किशोरी ने काउंसिलिंग के दौरान जो खुलासा हुआ, उसने सभी को झकझोर कर रख दिया.
चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने बच्ची को सुरक्षित स्थान पर रखकर उसकी काउंसिलिंग की. बातचीत के दौरान किशोरी भावुक हो गई और रोते हुए बताया कि उसका सगा पिता लंबे समय से उसके साथ गलत नीयत से छेड़खानी और बदसुलूकी करता था. यही वजह थी कि उसने घर छोड़ने का फैसला किया. मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू की. जांच के बाद आरोपी पिता के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया. मामले की जांच जारी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बच्ची को आवश्यक सुरक्षा और परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है.
वहीं एक अन्य मामले में, हरिद्वार के बहादराबाद थाना क्षेत्र में एक विवाहिता और उसकी एक वर्षीय बेटी के लापता होने के मामले ने नया मोड़ ले लिया है. शिकायत के अनुसार, विवाहिता सरिता की शादी वर्ष 2020 में हुई थी. आरोप है कि शादी के बाद से ही पति और ससुराल पक्ष दहेज की मांग को लेकर उसका उत्पीड़न करते थे. परिजनों का कहना है कि 11 जुलाई की रात सरिता ने फोन कर बताया था कि उसके साथ मारपीट की जा रही है और उसकी तथा उसकी बेटी की जान को खतरा है.
परिजनों के मुताबिक, अगले दिन पति ने सूचना दी कि सरिता अपनी बेटी के साथ गंगनहर में कूद गई है. महिला के मायके वालों का आरोप है कि दोनों को नहर में धक्का दिया गया है. इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति, सास, ससुर और दो ननदों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. फिलहाल पुलिस और जल पुलिस की टीमें गंगनहर में लगातार तलाश अभियान चला रही हैं.