देहरादून: उत्तराखंड में एक बार फिर मानसून सक्रिय होने जा रहा है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 17 जुलाई को राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है. मौसम विभाग ने देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल समेत 10 जिलों के लिए भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है.
साथ ही पूरे प्रदेश में गरज चमक, आकाशीय बिजली और तेज बारिश की चेतावनी दी गई है. चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं और पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है.
मौसम विभाग के अनुसार पिछले कुछ दिनों से मानसून की गतिविधियां कमजोर पड़ी थीं लेकिन अब बंगाल की खाड़ी से मिल रही नमी और अनुकूल मौसमी परिस्थितियों के कारण बारिश का दौर तेज होने की संभावना है. शुक्रवार से राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश शुरू हो सकती है, जबकि कई स्थानों पर भारी बारिश भी दर्ज होने की उम्मीद है.
देहरादून, टिहरी, पौड़ी और हरिद्वार जिलों में आज कई स्थानों पर गरज चमक के साथ तेज बारिश होने का अनुमान है. राजधानी देहरादून और मसूरी में अचानक तेज बारिश के साथ बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा. मौसम विभाग ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों को नदी, नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है.
कुमाऊं मंडल के नैनीताल, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चम्पावत और उधम सिंह नगर जिलों में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है. पहाड़ी ढलानों पर भूस्खलन और नदी नालों के जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी हो सकती है. संवेदनशील मार्गों पर यात्रा करने वालों को मौसम की जानकारी लेकर ही निकलने की सलाह दी गई है.
चारधाम यात्रा मार्ग पर स्थित उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग जिलों में भी भारी बारिश और आकाशीय बिजली का खतरा बना रहेगा. केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री जाने वाले श्रद्धालुओं से मौसम विभाग और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है. लगातार बारिश के कारण सड़कें बाधित होने और चट्टानें गिरने की आशंका भी बनी हुई है.
मौसम विभाग के अनुसार 18 से 20 जुलाई के बीच भी कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है. 21 और 22 जुलाई को भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज चमक और तेज हवाओं की संभावना बनी रहेगी. लोगों को खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है.