उत्तराखंड में बारिश का कहर, 135 सड़कें बंद; भूस्खलन से कई इलाकों का संपर्क टूटा

उत्तराखंड में लगातार बारिश से हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं. प्रदेशभर में 135 सड़कें बंद हो गई हैं. कई जिलों में भारी बारिश और फ्लैश फ्लड का अलर्ट जारी है. प्रशासन और राहत एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं.

Social Media
Kanhaiya Kumar Jha

देहरादून: उत्तराखंड में मानसून का असर लगातार बढ़ता जा रहा है. भारी बारिश के कारण कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है और सड़क संपर्क भी बाधित हो गया है. राज्य के रियल टाइम मॉनिटरिंग सिस्टम के अनुसार 135 सड़कें बंद हैं, जिनमें अधिकांश प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत आने वाले मार्ग शामिल हैं. मौसम विभाग ने कई पर्वतीय जिलों में भारी वर्षा और फ्लैश फ्लड की आशंका जताई है. इसके बाद सरकार ने सभी जिलों को सतर्क रहने और राहत व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए हैं.

लगातार हो रही बारिश के कारण प्रदेश में कुल 135 सड़कें बंद हो गई हैं. इनमें 104 सड़कें प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत हैं, जबकि लोक निर्माण विभाग की 31 सड़कें भी प्रभावित हैं. कई स्थानों पर भूस्खलन और पहाड़ियों से मलबा गिरने के कारण यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है. प्रशासन सड़कें जल्द खोलने के प्रयास में जुटा है.

आठ जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग ने जलभराव और फ्लैश फ्लड की संभावना भी जताई है. लोगों से मौसम की जानकारी लेते रहने और अनावश्यक जोखिम से बचने की अपील की गई है.


सरकार ने सभी जिलों को किया हाई अलर्ट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिला प्रशासन को हाई अलर्ट पर रहने को कहा है. राहत और बचाव दलों को पूरी तैयारी के साथ तैनात रखने के निर्देश दिए गए हैं. किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने को कहा गया है.

संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई गई निगरानी

प्रशासन ने संवेदनशील स्थानों पर जेसीबी मशीनों, राहत कर्मियों और रेस्क्यू टीमों की तैनाती बढ़ा दी है. पुलिस, SDRF, स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण निर्माण विभाग और BRO के बीच समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं. सड़क बंद होने की स्थिति में उन्हें जल्द से जल्द खोलने पर विशेष जोर दिया जा रहा है.

लोगों से सतर्क रहने की अपील

राज्य सरकार ने पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और यात्रियों से सावधानी बरतने की अपील की है. विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं. स्थानीय प्रशासन को परिस्थितियों के अनुसार आवश्यक फैसले लेने की छूट भी दी गई है. लोगों से मौसम की स्थिति देखकर ही यात्रा करने और अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी गई है