दिल्ली की हवा हुई बेहद खराब! नोएडा-गाजियाबाद में 5वीं तक के बच्चों की पढ़ाई पर बड़ा फैसला
दिल्ली-NCR में वायु प्रदूषण लगातार चिंता का विषय बना हुआ है. गुरुवार सुबह राजधानी दिल्ली की हवा बेहद खराब श्रेणी में दर्ज की गई. सुबह दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 319 रहा.
नई दिल्ली: दिल्ली-NCR में वायु प्रदूषण लगातार चिंता का विषय बना हुआ है. गुरुवार सुबह राजधानी दिल्ली की हवा बेहद खराब श्रेणी में दर्ज की गई. सुबह दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 319 रहा. कई इलाकों में धुंध और स्मॉग की मोटी चादर दिखाई दी, जिससे लोगों को सांस लेने में परेशानी हो सकती है.
प्रदूषण की गंभीर स्थिति को देखते हुए गाजियाबाद और नोएडा-ग्रेटर नोएडा प्रशासन ने भी सख्त कदम उठाए हैं. गाजियाबाद में 20 नवंबर तक सभी सरकारी और निजी निर्माण कार्यों पर रोक लगा दी गई है. वहीं, गाजियाबाद और नोएडा में कक्षा 5 तक के बच्चों की पढ़ाई हाइब्रिड मोड में कराने के निर्देश दिए गए हैं.
दिल्ली के कई इलाकों में AQI 400 के पार:
गुरुवार सुबह दिल्ली के कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर बेहद चिंताजनक रहा. IIT दिल्ली में सबसे अधिक 412 AQI दर्ज किया गया. इसके अलावा ITO और जाफरपुर में 394, नॉर्थ कैंपस में 392 और चांदनी चौक में 388 AQI रहा. अन्य इलाकों की स्थिति भी अच्छी नहीं रही. पूसा में 382, DTU में 379, बुराड़ी में 378 और JNU में 376 AQI दर्ज किया गया. मथुरा रोड में 363, आया नगर में 361 और तालकटोरा में 359 AQI रहा.
Also Read
गाजियाबाद में 20 नवंबर तक निर्माण कार्य बंद:
प्रदूषण पर नियंत्रण पाने के लिए गाजियाबाद के जिलाधिकारी ने GRAP-3 के नियमों को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए हैं. इसके तहत 20 नवंबर तक सरकारी और निजी निर्माण कार्य पूरी तरह बंद रहेंगे. इस रोक में इमारतों के निर्माण के साथ-साथ पुराने भवनों को तोड़ने यानी ध्वस्तीकरण का काम भी शामिल है. आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है.
इसके अलावा, सड़कों से धूल हटाने के लिए मशीनों से सफाई का काम दोगुना किया जाएगा. सड़कों पर पानी का छिड़काव भी बढ़ाया जाएगा, ताकि धूल हवा में न फैले.
नोएडा और गाजियाबाद में बच्चों के लिए हाइब्रिड पढ़ाई:
प्रदूषण का असर बच्चों की सेहत पर न पड़े, इसके लिए स्कूलों को लेकर भी अहम फैसला लिया गया है. गाजियाबाद में कक्षा 5 तक के बच्चों को ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पढ़ाई की सुविधा देने के निर्देश दिए गए हैं. वहीं, नोएडा और ग्रेटर नोएडा में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार ने कक्षा 5 तक के विद्यार्थियों के लिए हाइब्रिड मोड में पढ़ाई अनिवार्य की है.
यह आदेश सरकारी, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त स्कूलों पर लागू होगा. स्कूलों को ऑनलाइन कक्षाएं चलाने के साथ ऑफलाइन पढ़ाई का विकल्प भी देना होगा. आदेश का पालन नहीं करने वाले स्कूलों पर कार्रवाई हो सकती है.
एक दिन पहले भी खराब थी दिल्ली-NCR की हवा:
11 नवंबर की सुबह भी दिल्ली-NCR में प्रदूषण का स्तर काफी अधिक था. सुबह 6 बजे दिल्ली का AQI 299, नोएडा का 276 और गुरुग्राम का 295 दर्ज किया गया था. वहीं, हरियाणा के हिसार में AQI 377 तक पहुंच गया था. बल्लभगढ़ में 323 और करनाल में 303 AQI रिकॉर्ड किया गया था. इससे साफ है कि दिल्ली-NCR और आसपास के शहरों में प्रदूषण की समस्या लगातार बनी हुई है.
प्रदूषण में कैसे रखें अपनी सेहत का ध्यान?
खराब हवा के दौरान बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी परेशानी वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए. सुबह और शाम के समय बाहर व्यायाम करने से बचें. जरूरत पड़ने पर अच्छी फिटिंग वाला N95 मास्क पहनें और घर में खिड़की-दरवाजे बंद रखें, खासकर जब बाहर प्रदूषण अधिक हो.