menu-icon
India Daily

पीएम मोदी के जन्मदिन पर उत्तराखंड में सेवा का संकल्प, एक महीने तक होंगे 13 प्रमुख कार्यक्रम

उत्तराखंड भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान शुरू किया है. प्रदेश में यह अभियान 16 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा. इस दौरान 13 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
पीएम मोदी के जन्मदिन पर उत्तराखंड में सेवा का संकल्प, एक महीने तक होंगे 13 प्रमुख कार्यक्रम
Courtesy: Pinterest

देहरादून: उत्तराखंड भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली है. इस अभियान को घर घर तक पहुंचाने का संकल्प रविवार को आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में लिया गया. उत्तराखंड में यह अभियान 16 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा, जबकि देशभर में इसकी शुरुआत 17 सितंबर से होगी.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के साथ सेवा कार्यों को भी आगे बढ़ाना जरूरी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन सेवा कार्यक्रमों के जरिए मनाना इसके लिए बेहतर अवसर है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने जीवन का हर क्षण राष्ट्र को समर्पित किया है. ऐसे में सेवा कार्यों के माध्यम से उनका जन्मदिन मनाना सबसे सार्थक होगा.

क्षेत्रीय संयोजक ने क्या कहा?

अभियान के क्षेत्रीय संयोजक कुलदीप चहल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने जीवन और व्यवहार से यह संदेश दिया है कि सत्ता शक्ति नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम है. इसी सोच के साथ सेवा संकल्प अभियान के जरिए समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का लक्ष्य रखा गया है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर घर पहुंचकर अभियान को प्रभावी बनाने का आह्वान किया.

एक महीने में 13 प्रमुख कार्यक्रम

भाजपा प्रदेश महामंत्री और अभियान के प्रदेश संयोजक कुंदन परिहार ने एक महीने तक चलने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की. उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में अभियान के दौरान 13 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

इन कार्यक्रमों में आशीर्वाद का दीया, 25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत, नमो सेवा गाथा, आंगन का उत्सव, कहानी बदलाव की, विकसित भारत संकल्प यात्रा, सेवा ज्योति यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, रंगोली राष्ट्र और राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज समेत अन्य कार्यक्रम शामिल हैं. इन गतिविधियों के जरिए पार्टी कार्यकर्ताओं को अलग अलग वर्गों तक पहुंचने और सेवा कार्यों में भागीदारी बढ़ाने का लक्ष्य दिया गया है.

भाजपा ने कार्यकर्ताओं को दिया लक्ष्य

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन में गरीबों के कल्याण, युवाओं में आत्मविश्वास और महिलाओं के सशक्तीकरण पर विशेष जोर रहा है. उन्होंने कहा कि सबसे अच्छा उत्सव सेवा का उत्सव है. उन्होंने भरोसा जताया कि सेवा संकल्प अभियान में उत्तराखंड भाजपा देश में बेहतर प्रदर्शन करेगी.

केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे विकास कार्यों की सराहना की. उन्होंने कहा कि राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ प्रधानमंत्री का सार्वजनिक जीवन सेवा को समर्पित रहा है.

कार्यशाला में कई नेता रहे मौजूद

प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, सतपाल महाराज, मदन कौशिक, गणेश जोशी, भारत चौधरी समेत कई विधायक और भाजपा के प्रदेश तथा जिला पदाधिकारी मौजूद रहे. पार्टी ने अभियान को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपने और कार्यक्रमों को आम लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया.