मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार सोमवार को देहरादून, बागेश्वर, चमोली और नैनीताल में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और बारिश के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर आने की आशंका है.
वहीं पौड़ी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, चंपावत और ऊधम सिंह नगर में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और स्थानीय चेतावनियों पर नजर रखने की अपील की है.
भारी बारिश और संभावित जोखिम को देखते हुए देहरादून, नैनीताल, चमोली और पौड़ी गढ़वाल में 12वीं कक्षा तक के सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है. प्रशासन ने मौसम की स्थिति को देखते हुए यह कदम उठाया है ताकि बच्चों को खराब मौसम में यात्रा करने से बचाया जा सके. लगातार बारिश के कारण प्रदेश में सड़क संपर्क प्रभावित हुआ है. फिलहाल 78 सड़कें बंद बताई गई हैं.
देहरादून में बारिश का असर रिहायशी इलाकों तक पहुंच गया है. धौलास के पास दयानागरी में नुन नदी के तेज बहाव की चपेट में आने से तीन मकान क्षतिग्रस्त हो गए. एक परिवार के सामने ही मकान का हिस्सा नदी के तेज बहाव में बह गया. प्रभावित तीनों परिवारों ने फिलहाल पड़ोसियों के घरों में शरण ली है. नदी के किनारे लगातार हो रहे कटाव से आसपास का पूरा रिहायशी क्षेत्र खतरे की जद में आ गया है. तमसा और शीतला नदियां भी उफान पर हैं. चमोली और टिहरी में मलबा आने से कई मार्गों पर आवाजाही प्रभावित हुई.
1 सितंबर को देहरादून और टिहरी में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है. पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, चंपावत, नैनीताल और हरिद्वार में भारी बारिश का यलो अलर्ट रहेगा.
2 सितंबर को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, चमोली और बागेश्वर में भारी बारिश हो सकती है.
3 सितंबर को देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी और बागेश्वर में भारी बारिश का यलो अलर्ट है. इस दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक और आकाशीय बिजली के साथ बारिश के तेज दौर जारी रहने की संभावना है.