menu-icon
India Daily

स्वाइन फ्लू ने बढ़ाई चिंता, देहरादून में H1N1 का बढ़ा खतरा; सात नए मरीज मिलने से आंकड़ा पहुंचा 59

देहरादून में H1N1 इन्फ्लूएंजा के सात नए मरीज मिले हैं. इसके साथ कुल संक्रमितों की संख्या 59 हो गई है. 40 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं और 14 सक्रिय मामले हैं.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
स्वाइन फ्लू ने बढ़ाई चिंता, देहरादून में H1N1 का बढ़ा खतरा; सात नए मरीज मिलने से आंकड़ा पहुंचा 59
Courtesy: Pinterest

देहरादून: देहरादून में स्वाइन फ्लू यानी H1N1 इन्फ्लूएंजा के मामले लगातार सामने आ रहे हैं. गुरुवार को 18 सैंपल की जांच में सात लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई. इसके साथ ही जिले में अब तक H1N1 संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 59 हो गई है. बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों को सतर्क रहने और मरीजों की निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं.

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में अब तक H1N1 के 148 सैंपल की जांच की जा चुकी है. इनमें 59 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है. संक्रमितों में 41 देहरादून के और 18 अन्य स्थानों के मरीज हैं. अब तक 40 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 14 मरीज सक्रिय हैं. इनमें 13 मरीजों का उपचार चल रहा है.

कितने लोग की हुई मौत?

H1N1 संक्रमण से अब तक पांच मौतें दर्ज की गई हैं. हालांकि स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इन मौतों में संक्रमण की वास्तविक भूमिका का अंतिम निर्धारण डेथ ऑडिट के बाद किया जाएगा.

बढ़ते संक्रमण को देखते हुए दून अस्पताल और जिला अस्पताल कोरोनेशन के सभी कर्मचारियों को मास्क अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए गए हैं. H1N1 जैसे लक्षण वाले मरीजों को अस्पताल में अन्य मरीजों से अलग रखकर देखने की व्यवस्था करने को कहा गया है. अस्पतालों को संक्रमण नियंत्रण के नियमों का पालन करने और संदिग्ध मरीजों की जांच सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं.

कोरोना का भी एक नया मामला सामने आया

देहरादून में कोरोना संक्रमण का एक नया मामला भी सामने आया है. गुरुवार को 17 सैंपल की जांच की गई, जिनमें एक मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आई. जिले में अब तक 110 सैंपल की जांच में 18 मरीजों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है.

इन 18 संक्रमितों में आठ देहरादून के हैं, जबकि अन्य मरीज दूसरे जिलों और राज्यों से हैं. अब तक 15 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं और तीन मरीजों का अस्पताल में उपचार चल रहा है. कोरोना संक्रमण से अब तक जिले में किसी मौत की सूचना नहीं है.

लक्षण दिखने पर जांच की सलाह

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने लोगों से अपील की है कि बुखार, खांसी, गले में खराश, सांस लेने में परेशानी और शरीर में दर्द जैसे लक्षण होने पर लापरवाही न करें. ऐसे लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सकीय सलाह लेने और जरूरत पड़ने पर जांच कराने की अपील की गई है.

स्वास्थ्य विभाग ने बुजुर्गों, बच्चों और पहले से किसी बीमारी से जूझ रहे लोगों को संक्रमण से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है. अस्पतालों को संक्रमित मरीजों के उपचार के साथ उनकी नियमित निगरानी रखने और संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा गया है.