19 साल की बेटी से रेप कर रहा था पिता: मां ने साथ सोते देखा तो थाने पहुंची; जान से मारने की धमकी देता था
रुद्रपुर में 19 वर्षीय युवती ने अपने पिता पर कई साल से यौन शोषण करने का आरोप लगाया है. युवती के मुताबिक, विरोध करने पर पिता उसे जान से मारने की धमकी देते थे.
ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर में 19 साल की युवती ने अपने पिता पर गंभीर आरोप लगाए हैं. युवती का कहना है कि पिता लंबे समय से उसका शोषण कर रहे थे और विरोध करने पर धमकाते थे. मां ने भी एक घटना अपनी आंखों से देखने का दावा किया है. दोनों ने पुलिस से शिकायत की.
मां ने बेटी के साथ पिता को देखा
पीड़िता के अनुसार, कई साल से पिता उसका शोषण कर रहे थे. धमकी और परिवार की बदनामी के डर से वह चुप रही. शिकायत में उसने 25 जून की रात की घटना का भी जिक्र किया है. युवती ने बताया कि उस रात पिता उसके कमरे में आए थे. इसी दौरान मां ने दोनों को देख लिया. मां के मुताबिक, वह पति को पानी के लिए नीचे भेजकर कुछ देर बाद देखने गई थीं. वहां उन्होंने बेटी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखने का दावा किया. इसके बाद मां ने बेटी से पूरी बात पूछी.
परिवार की सुरक्षा की मांग
मां को घटना बताने के बाद युवती ने उनके साथ SSP कार्यालय पहुंचकर शिकायत दी. युवती ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई की मांग की है. साथ ही परिवार की सुरक्षा की भी गुहार लगाई गई है. पीड़िता अभी पढ़ाई कर रही है. बताया गया है कि आरोपी पेशे से ड्राइवर है और मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है. युवती का एक भाई भी है. परिवार में माता-पिता दोनों की यह दूसरी शादी बताई जा रही है. आरोपी की पहली पत्नी से एक बेटा होने की जानकारी भी सामने आई है.
Also Read
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के मुताबिक, युवती की शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है. अधिकारियों का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है और सामने आने वाले तथ्यों व सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई होगी. पीड़िता और उसकी मां ने आरोपी से परिवार को खतरा होने की बात कहते हुए सुरक्षा मांगी है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है.