किसानों को बड़ी राहत: रबी सीजन 2026-27 के लिए खाद पर 62,370 करोड़ रुपये की सब्सिडी मंजूर

केंद्र सरकार ने रबी सीजन 2026-27 के लिए P&K उर्वरकों पर 62,370 करोड़ रुपये की सब्सिडी मंजूर की है. इससे किसानों को खाद सस्ती मिलने में मदद मिलेगी.

X
Sagar Bhardwaj

केंद्र सरकार ने रबी सीजन 2026-27 में किसानों को उर्वरकों की बढ़ती कीमतों से राहत देने के लिए बड़ा फैसला लिया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने फॉस्फेटिक और पोटाशिक (P&K) उर्वरकों पर पोषक तत्व आधारित सब्सिडी (NBS) की नई दरों को मंजूरी दे दी है. यह फैसला 1 अक्टूबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक लागू रहेगा.

पिछले साल से 64% ज्यादा सब्सिडी

सरकार ने रबी सीजन के लिए 62,370.02 करोड़ रुपये की सब्सिडी मंजूर की है. यह पिछले सीजन के 37,952.29 करोड़ रुपये के मुकाबले 24,417.73 करोड़ रुपये यानी करीब 64 प्रतिशत अधिक है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में यूरिया, DAP, MOP और सल्फर की कीमतों में उतार-चढ़ाव को देखते हुए सब्सिडी की दरें तय की गई हैं.

DAP और NPKS समेत 28 तरह की खाद पर राहत

इस फैसले के तहत DAP और NPKS सहित P&K उर्वरकों के 28 ग्रेड सब्सिडी वाली कीमतों पर उपलब्ध होंगे. सरकार तय नियमों के अनुसार उर्वरक कंपनियों को सीधे सब्सिडी देगी, ताकि किसानों को खाद उचित कीमत पर मिल सके.


2010 से लागू है NBS योजना

P&K उर्वरकों पर पोषक तत्व आधारित सब्सिडी योजना 1 अप्रैल 2010 से चल रही है. इसका उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें बढ़ने के बावजूद किसानों को खाद उपलब्ध कराना और खेती की लागत को नियंत्रित रखना है.

गेहूं और सरसों की खेती करने वालों को फायदा

रबी सीजन में गेहूं, सरसों और चने जैसी फसलों के लिए DAP और पोटाश की मांग रहती है. नई सब्सिडी दरों से किसानों को बुवाई के दौरान खाद की कीमतों का बोझ कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है.