menu-icon
India Daily

नंगा कर मारे लात-घूसे, ऋषिकेश में लड़की छेड़ने पर हरियाणा के युवकों का कर दिया बुरा हाल

ऋषिकेश में हरियाणा से आए 2 युवकों पर नाबालिग लड़की से अभद्र इशारे करने का आरोप लगा है. इसके बाद गुस्साई भीड़ ने दोनों को कार से बाहर खींचकर बेरहमी से पीटा जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं.

babli
Edited By: Babli Rautela
नंगा कर मारे लात-घूसे, ऋषिकेश में लड़की छेड़ने पर हरियाणा के युवकों का कर दिया बुरा हाल
Courtesy: X

ऋषिकेश में बुधवार शाम उस समय हड़कंप मच गया जब हरियाणा से आए 2 युवकों ने नाबालिग लड़की से अभद्र इशारे किए. इस हरकत के सामने आने के बाद गुस्साई भीड़ ने दोनों युवकों को बीच सड़क पर रोक लिया और उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी. घटना के कई वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. बताया जा रहा है कि दोनों युवक हरियाणा नंबर की कार लेकर हरिद्वार से ऋषिकेश की ओर आ रहे थे. इसी दौरान हरिद्वार रोड काली के ढाल इलाके में एक नाबालिग लड़की ने आरोप लगाया कि कार में बैठे युवक उसे देखकर अश्लील इशारे कर रहे थे.

शिकायत के बाद भड़की भीड़

वहां मौजूद लोगों के मुताबिक लड़की ने जैसे ही आसपास मौजूद लोगों से इसकी शिकायत की मौके पर भीड़ जमा हो गई. लोगों ने कार सवार युवकों से सवाल किए लेकिन दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई. कुछ ही देर में भीड़ ने कार को चारों तरफ से घेर लिया. लोगों ने कार पर पत्थर और बोतलें फेंकनी शुरू कर दीं. इसके बाद युवकों को कार से बाहर निकालकर उनकी पिटाई की गई.

सड़क पर उतार दिए कपड़े

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि भीड़ ने एक युवक को कार से बाहर खींच लिया और उसके कपड़े उतरवा दिए. युवक खुद को बचाने की कोशिश करता रहा लेकिन लोग उसे लगातार मारते और गालियां देते दिखाई दिए. वीडियो में यह भी दिख रहा है कि युवक किसी तरह वापस कार के अंदर पहुंचा और अंडरवियर पहनने लगा. हालांकि कुछ देर बाद भीड़ ने उसे दोबारा बाहर खींच लिया और फिर उसकी पिटाई शुरू कर दी. इस दौरान दूसरा युवक सड़क किनारे घायल अवस्था में बैठा नजर आया. उसके चेहरे और मुंह से खून बहता दिखाई दिया. आसपास खड़े लोग लगातार उस पर आरोप लगाते और चिल्लाते रहे.

हाईवे पर लगा जाम

पूरी घटना के दौरान नेशनल हाईवे पर भारी भीड़ जमा हो गई जिससे लंबा जाम लग गया. कई वाहन बीच सड़क पर रुक गए और लोगों में अफरा तफरी का माहौल बन गया. मौके पर मौजूद कुछ लोग हरियाणा नंबर की गाड़ी देखकर गुस्सा जाहिर करते सुनाई दिए. करीब एक घंटे तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा. बताया जा रहा है कि जब लोगों ने कार की तलाशी ली तो अंदर शराब की बोतल मिली. इसके बाद भीड़ और ज्यादा भड़क गई. लोगों ने कार के शीशों पर मुक्के मारे और बाद में पत्थर से हमला कर कार का कांच तोड़ दिया. वायरल वीडियो में कार के टूटे हुए शीशे और सड़क पर फैला सामान भी दिखाई दे रहा है.