menu-icon
India Daily

नेपाल पर दोहरी आफत! बाढ़ की तबाही के बीच काठमांडू में 5.3 तीव्रता का भूकंप

नेपाल की राजधानी काठमांडू में मंगलवार रात 5.3 तीव्रता का भूकंप आया. यह झटका ऐसे समय लगा है जब हालिया विनाशकारी बाढ़ में 1,357 लोगों की मौत हो चुकी है.

KanhaiyaaZee
नेपाल पर दोहरी आफत! बाढ़ की तबाही के बीच काठमांडू में 5.3 तीव्रता का भूकंप
Courtesy: Pinterest

नई दिल्ली: नेपाल की राजधानी काठमांडू मंगलवार रात भूकंप के झटके से हिल गई. राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, भारतीय समयानुसार रात 9 बजकर 38 मिनट 39 सेकंड पर 5.3 तीव्रता का भूकंप आया. इसका केंद्र जमीन से 143 किलोमीटर नीचे बताया गया है. फिलहाल भूकंप से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है. दूसरी ओर, नेपाल पहले से ही विनाशकारी बाढ़ की मार झेल रहा है, जिसमें मृतकों की संख्या 1,357 तक पहुंच गई है.

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक, मंगलवार रात आए भूकंप की तीव्रता 5.3 मापी गई. भूकंप रात 9:38:39 बजे आया और इसका केंद्र जमीन के भीतर 143 किलोमीटर की गहराई में था. गहराई अधिक होने के कारण शुरुआती तौर पर किसी बड़े नुकसान की सूचना सामने नहीं आई है. हालांकि, प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है.

बाढ़ से पहले ही मची है भारी तबाही

नेपाल में यह भूकंप ऐसे समय आया है जब देश के कई हिस्से हालिया बाढ़ से जूझ रहे हैं. 26 अगस्त को नेपाल-तिब्बत सीमा के पास हिमस्खलन के बाद भोटेकोशी नदी में अचानक बाढ़ आ गई थी. इसके बाद उत्तरी और मध्य नेपाल के कई कस्बों और गांवों में भारी तबाही हुई. प्रभावित क्षेत्रों से लगातार शव मिलने के कारण मृतकों की संख्या बढ़कर 1,357 हो गई है.

5,326 लोगों की अब भी तलाश जारी

बाढ़ के बाद राहत और बचाव अभियान लगातार चल रहा है. अब तक 13,583 लोगों को सुरक्षित बचाया जा चुका है, जबकि 5,326 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं. संयुक्त सुरक्षा बलों ने चितवन से 363, नवलपरासी पूर्व से 223 और नवलपरासी पश्चिम से 222 शव बरामद किए हैं. नुवाकोट से 197, रसुवा से 169, गोरखा से 75, धादिंग से 70 और तनहूं से 38 शव मिले हैं.

हजारों लोग राहत शिविरों में ले रहे शरण

एनडीआरआरएमए के अनुसार, सोमवार तक रसुवा, नुवाकोट और धादिंग में सरकारी राहत शिविरों में करीब 3,500 लोग रह रहे थे. बाढ़ में घर गंवाने वाले कई अन्य लोगों ने स्कूलों, मंदिरों, मठों, खाली सरकारी इमारतों और सामुदायिक भवनों में शरण ली है. कुछ लोग जंगलों में लगाए गए अस्थायी तंबुओं में भी रह रहे हैं. सोमवार तक केवल 102 शवों की पहचान कर परिजनों को सौंपा गया था.

चीन के तिब्बत में भी बाढ़ का असर

बाढ़ से नेपाल के साथ चीन नियंत्रित तिब्बत का इलाका भी प्रभावित हुआ है. चीनी मीडिया की रिपोर्टों के अनुसार, वहां कम से कम 43 लोगों की मौत हुई है और 500 से अधिक लोग अभी लापता हैं. नेपाल के बाढ़ प्रभावित जिलों में जलविद्युत परियोजनाओं के आसपास भी बचाव अभियान जारी है. आशंका है कि परियोजनाओं की भूमिगत सुरंगों में करीब 121 लोग फंसे हो सकते हैं.