देहरादून में पार्किंग संकट दूर करने की तैयारी, परेड ग्राउंड और सचिवालय में अंडरग्राउंड परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार
देहरादून में लगातार बढ़ रही पार्किंग समस्या के समाधान के लिए परेड ग्राउंड और सचिवालय में अंडरग्राउंड पार्किंग परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने की तैयारी शुरू हो गई है.
देहरादून में लगातार बढ़ रही पार्किंग समस्या के समाधान के लिए परेड ग्राउंड और सचिवालय में अंडरग्राउंड पार्किंग परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने की तैयारी शुरू हो गई है. मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए भविष्य की जरूरतों के अनुरूप अधिक क्षमता वाली पार्किंग विकसित करने के निर्देश दिए.
देहरादून शहर में बढ़ते यातायात और वाहनों की संख्या के कारण पार्किंग की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है. इस चुनौती से निपटने के लिए राज्य सरकार ने परेड ग्राउंड और सचिवालय परिसर में प्रस्तावित अंडरग्राउंड पार्किंग परियोजनाओं को गति देने का फैसला किया है.
अंडरग्राउंड पार्किंग का प्रारूप प्रस्तुत
सचिवालय में बुधवार को आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने दोनों परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि पार्किंग की योजना केवल वर्तमान जरूरतों तक सीमित न रहे, बल्कि आने वाले वर्षों की मांग को भी ध्यान में रखकर तैयार की जाए. बैठक में लोक निर्माण विभाग के सचिव डा. पंकज कुमार पांडेय ने परेड ग्राउंड के नीचे बनने वाली अंडरग्राउंड पार्किंग का प्रारूप प्रस्तुत किया. इस दौरान मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि पार्किंग निर्माण के बाद परेड ग्राउंड और गांधी पार्क को बिना किसी नए स्थायी निर्माण के आपस में जोड़ते हुए एक बड़े खुले हरित क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाए. उन्होंने सुझाव दिया कि यदि आवश्यकता हो तो पार्किंग की क्षमता बढ़ाने के लिए दो तल वाले बेसमेंट का विकल्प भी अपनाया जा सकता है.
Also Read
अधिक प्रवेश और निकास द्वार बनाने के निर्देश
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पार्किंग परिसर में अधिक से अधिक प्रवेश और निकास द्वार बनाए जाएं. इससे वाहन चालकों को सुविधा मिलेगी और आपात स्थिति में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में भी मदद मिलेगी. उन्होंने कहा कि पूरे क्षेत्र को एक समग्र परियोजना के रूप में विकसित किया जाए तथा योजना को अंतिम रूप देने से पहले सभी संबंधित विभागों और पक्षों से आवश्यक परामर्श किया जाए.समीक्षा बैठक में सचिवालय परिसर में प्रस्तावित अंडरग्राउंड पार्किंग के प्रारूप पर भी विस्तार से चर्चा हुई. मुख्य सचिव ने कहा कि भविष्य में देहरादून में यातायात का दबाव और बढ़ेगा, इसलिए पर्याप्त पार्किंग क्षमता सुनिश्चित करना आवश्यक है.