menu-icon
India Daily

PM Modi के 12 साल की उपलब्धियों पर उत्तराखंड में होगा जनसंवाद, 12 से 14 जून तक कई कार्यक्रम

प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष पूरे होने पर उत्तराखंड सरकार बड़े आयोजन कर रही है. जनसंपर्क अभियान के तहत उपलब्धि प्रदर्शनी और जनकल्याण शिविर लगाए जाएंगे. केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का यह मौका होगा.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
PM Modi के 12 साल की उपलब्धियों पर उत्तराखंड में होगा जनसंवाद, 12 से 14 जून तक कई कार्यक्रम
Courtesy: ANI

देहरादून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश के सबसे लंबे समय तक कार्य करने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने के अवसर पर उत्तराखंड सरकार व्यापक जनसंपर्क अभियान चला रही है. प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा. 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर 12 से 14 जून तक उपलब्धि प्रदर्शनी जनकल्याण शिविर और संवाद कार्यक्रम होंगे. इन आयोजनों के जरिए केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा उत्तराखंड में हुए विकास कार्यों को लोगों तक पहुंचाया जाएगा.

12 सालों में विकास की कई उपलब्धियां

सरकार ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कार्यक्रमों में जनसहभागिता सुनिश्चित की जाए. मुख्यमंत्री ने कहा कि इन दिनों में विकास की उपलब्धियों को आमजन समझ सके इसके लिए प्रभावी प्रचार प्रसार जरूरी है. 12 जून को सभी जिलों में प्रेस वार्ताएं आयोजित की जाएंगी. इन वार्ताओं के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों और प्रस्तावित कार्यक्रमों की जानकारी दी जाएगी.

प्रभारी मंत्री अपने क्षेत्रों में संवाद कार्यक्रम चलाएंगे जिसमें जनप्रतिनिधि प्रबुद्धजन और विभिन्न वर्गों के लोगों से बातचीत होगी. उत्तराखंड में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों दौरान बुनियादी ढांचे का जबरदस्त विस्तार हुआ है. चारधाम आल वेदर रोड परियोजना लगभग 12 हजार करोड़ रुपये की लागत वाली इस महत्वाकांक्षी योजना का 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है. इससे पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा सुगम और सुरक्षित हुई है. दिल्ली देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर ने राजधानी पहुंचने का समय काफी कम कर दिया है. ऋषिकेश कर्णप्रयाग रेल परियोजना का 72 प्रतिशत से ज्यादा काम पूरा हो गया है.उड़ान योजना के तहत 18 हेलीपोर्ट विकसित किए जा रहे हैं जिनमें से 12 पर सेवाएं शुरू हो चुकी हैं.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का संदेश

इन विकास कार्यों ने पर्यटन रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति दी है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ये आयोजन सिर्फ जश्न नहीं बल्कि विकास यात्रा को जनता से जोड़ने का माध्यम हैं. प्रदेशवासी इन कार्यक्रमों में बढ़ चढ़कर हिस्सा लें और स्वयं विकास कार्यों को देखें. यह अवसर प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और उत्तराखंड की प्रगति को रेखांकित करेगा. सरकार का प्रयास है कि हर व्यक्ति इन योजनाओं से जुड़ सके और लाभ उठा सके.