उत्तराखंड आने-जाने वाले रेल यात्रियों के लिए रेलवे ने महत्वपूर्ण बदलाव किया है. पूर्वोत्तर रेलवे ने काठगोदाम-देहरादून-काठगोदाम एक्सप्रेस जिसे नैनी-दून एक्सप्रेस के नाम से भी जाना जाता है, के संचालन दिवसों में संशोधन किया है. यह बदलाव 3 अगस्त 2026 से लागू होगा.
नई व्यवस्था के तहत यह ट्रेन प्रत्येक सोमवार, मंगलवार, गुरुवार, शनिवार और रविवार को संचालित होगी. यानी अब यह ट्रेन बुधवार और शुक्रवार को नहीं चलेगी. हालांकि रेलवे ने स्पष्ट किया है कि ट्रेन का समय, मार्ग और कोच संरचना में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है.
रेलवे की नई रामनगर-देहरादून द्वि-साप्ताहिक एक्सप्रेस (15310/15309) का नियमित संचालन 5 अगस्त 2026 से शुरू होगा. यह ट्रेन प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार को सुबह 5:50 बजे रामनगर से रवाना होकर काशीपुर, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार के रास्ते दोपहर 12:40 बजे देहरादून पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन दोपहर 3:55 बजे देहरादून से रवाना होकर रात 11:30 बजे रामनगर पहुंचेगी. यात्रियों की सुविधा के लिए इस ट्रेन में कुल 16 कोच लगाए जाएंगे. इनमें सामान्य द्वितीय श्रेणी, शयनयान, एसी द्वितीय, एसी तृतीय, एसी चेयरकार, सामान्य चेयरकार तथा लगेज कोच शामिल रहेंगे.
इस बीच जिला पर्यटन विकास विभाग ने नैनीताल में पर्यटन को नई दिशा देने की योजना बनाई है. विभाग अब भीड़भाड़ वाले स्थलों के साथ-साथ प्राकृतिक और ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण लेकिन कम प्रसिद्ध क्षेत्रों को भी पर्यटन मानचित्र पर लाने की तैयारी कर रहा है. जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति चंद्र आर्या ने बताया कि जिले में जल्द ही विशेष बर्ड ट्रेल और नए ट्रैकिंग रूट विकसित किए जाएंगे.
साथ ही ऐतिहासिक महत्व वाले स्थानों पर मूलभूत सुविधाएं विकसित कर स्थानीय लोगों को होम स्टे, गाइड और अन्य पर्यटन गतिविधियों से जोड़ने की योजना पर भी काम किया जाएगा. इधर काठगोदाम डिपो से प्रतिदिन संचालित होने वाली जयपुर एसी स्लीपर बस सेवा सोमवार को चालक उपलब्ध नहीं होने के कारण अपने निर्धारित मार्ग पर नहीं चल सकी. बाद में बस को दिल्ली मार्ग पर संचालित किया गया. इससे जयपुर के लिए टिकट बुक करा चुके यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ी.