menu-icon
India Daily

मुसलमान किसी की सुनने वाला नहीं... उत्तराखंड में सरकार को धमकाने वाला मुफ्ती गिरफ्तार, जुलूस-ए-मोहम्मद में दिया था विवादित बयान

रुद्रपुर में बारावफात जुलूस के दौरान कथित विवादित भाषण देने के मामले में मुफ्ती मुजीब अहमद अजहरी गिरफ्तार हुए.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
मुसलमान किसी की सुनने वाला नहीं... उत्तराखंड में सरकार को धमकाने वाला मुफ्ती गिरफ्तार, जुलूस-ए-मोहम्मद में दिया था विवादित बयान
Courtesy: X

उत्तराखंड के रुद्रपुर में बारावफात जुलूस के दौरान दिए गए भाषण को लेकर विवाद बढ़ गया है. पुलिस ने मुफ्ती मुजीब अहमद अजहरी को गिरफ्तार किया है. वीडियो सामने आने के बाद मामला दर्ज किया गया था. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी कहा कि कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी.

वायरल वीडियो से शुरू हुआ विवाद

26 अगस्त को इंद्रा चौक के त्रिशूल चौक पर जुलूस के बाद सभा हुई थी. इसी दौरान मुफ्ती मुजीब ने मदरसों और ईदगाह की जमीन से जुड़े मुद्दे उठाए. वायरल वीडियो में वह मुसलमानों को लेकर टिप्पणी करते और मदरसों पर सरकारी फैसलों के खिलाफ चेतावनी देते नजर आए. उन्होंने ईदगाह की जमीन लौटाने की मांग भी रखी. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और संबंधित धाराओं में FIR दर्ज की.

सीएम धामी ने कहा- कानून के तहत होगी कार्रवाई

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाषण पर सख्त रुख अपनाया. उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में कानून का राज है और सभी फैसले कानून के अनुसार होंगे. पुलिस ने पूछताछ के बाद मुफ्ती मुजीब को गिरफ्तार किया है. अधिकारियों के अनुसार वायरल वीडियो में कही गई बातों का पूरा संदर्भ भी जांचा जा रहा है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि भाषण के पीछे क्या कारण था और क्या कोई पुराना विवाद भी इससे जुड़ा है.

गिरफ्तारी से पहले मुफ्ती ने दी सफाई

गिरफ्तारी से पहले मुफ्ती मुजीब ने अपने बयान का बचाव करते हुए कहा था कि उनकी बात को गलत तरीके से पेश किया गया. उनका दावा था कि उन्होंने सरकार को चुनौती नहीं दी थी. पुलिस अब मामले में उपलब्ध वीडियो और अन्य सबूतों की जांच कर रही है. इस बीच, उनसे जुड़े कुछ मदरसों और संस्थानों के बिना मान्यता संचालित होने के दावों की भी चर्चा है, हालांकि संबंधित विभाग की ओर से इन दावों की अंतिम पुष्टि अभी बाकी है.