menu-icon
India Daily

उत्तराखंड में 22 जून को मानसून की दस्तक, गर्मी से मिलेगी राहत

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के वैज्ञानिकों ने बताया कि बंगाल की खाड़ी से उठने वाली मानसूनी हवाएं तेजी से उत्तर की ओर बढ़ रही हैं. इन हवाओं के प्रभाव से मानसून समय पर उत्तराखंड पहुंचने की अच्छी संभावना है. इससे पहले कुछ दिनों में प्री-मानसून की गतिविधियां भी शुरू हो सकती हैं, जिसमें हल्की बारिश और आंधी के साथ बौछारें देखने को मिल सकती हैं.

antima
Edited By: Antima Pal
उत्तराखंड में 22 जून को मानसून की दस्तक, गर्मी से मिलेगी राहत
Courtesy: X

देहरादून: गर्मी और लू की मार झेल रहे उत्तराखंडवासियों के लिए अच्छी खबर है. मौसम विभाग के अनुसार मानसून इस बार तय समय पर पहुंचने वाला है. अगर मौसम अनुकूल रहा तो 22 जून को मानसून प्रदेश में दस्तक दे सकता है. इसके साथ ही तापमान में गिरावट आएगी और बारिश का दौर शुरू हो जाएगा.

उत्तराखंड में 22 जून को मानसून की दस्तक

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के वैज्ञानिकों ने बताया कि बंगाल की खाड़ी से उठने वाली मानसूनी हवाएं तेजी से उत्तर की ओर बढ़ रही हैं. इन हवाओं के प्रभाव से मानसून समय पर उत्तराखंड पहुंचने की अच्छी संभावना है. इससे पहले कुछ दिनों में प्री-मानसून की गतिविधियां भी शुरू हो सकती हैं, जिसमें हल्की बारिश और आंधी के साथ बौछारें देखने को मिल सकती हैं.

 गर्मी से मिलेगी राहत

पिछले कई दिनों से प्रदेश में तेज धूप, गर्म हवाएं और लू चल रही है. दिन का तापमान 35-38 डिग्री तक पहुंच रहा है, जिससे लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है. खासकर मैदानी इलाकों में गर्मी ने लोगों को परेशान कर रखा है. ऐसे में मानसून की खबर ने राहत की किरण जगाई है. 

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक मानसून के आगमन के बाद पहाड़ी और मैदानी दोनों क्षेत्रों में अच्छी बारिश होने की उम्मीद है. इससे जल स्रोतों में पानी बढ़ेगा, नदियां-नाले लबालब हो जाएंगे और कृषि कार्यों को भी फायदा पहुंचेगा. किसानों को खेती-बाड़ी के लिए जरूरी नमी मिल सकेगी. हालांकि शुरुआती दिनों में सावधानी बरतने की जरूरत है. 

मानसून के आने के समय अक्सर तेज बौछारें, आंधी और बिजली गिरने की घटनाएं होती हैं. इसलिए मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, नदियों में अचानक पानी बढ़ने और कमजोर मकानों वाले लोगों को अलर्ट रहना चाहिए. उत्तराखंड में मानसून सामान्यतः 15 से 20 जून के बीच पहुंचता है, लेकिन कई बार इसमें देरी हो जाती है. इस बार समय पर आने की संभावना से मौसम वैज्ञानिक भी उत्साहित हैं. 

उन्होंने कहा कि अगर कोई बड़ी व्यवधान नहीं आया तो 22 जून तक मानसून पूरे प्रदेश में फैल सकता है. लोगों को सलाह दी गई है कि मानसून आने तक घरों में पानी भरकर रखें, छतों और नालियों को साफ रखें ताकि बारिश में पानी जमा न हो. साथ ही मौसम विभाग की नियमित अपडेट पर नजर रखें. मानसून की बारिश न सिर्फ गर्मी से राहत देगी बल्कि पर्यटन स्थलों पर भी फिर से चहल-पहल बढ़ाएगी.