उत्तराखंड में लंबे इंतजार के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है. मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मानसून राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में सक्रिय हो चुका है और अगले दो से तीन दिनों के भीतर शेष इलाकों को भी अपनी चपेट में ले लेगा. इसके प्रभाव से प्रदेशभर में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने की उम्मीद है.
विभाग का अनुमान है कि अगले तीन से चार दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे उमस और तेज गर्मी से लोगों को राहत मिलेगी.
मानसून के सक्रिय होते ही प्रदेश में तेज बारिश का सिलसिला शुरू होने की संभावना है. मौसम विभाग ने 1 जुलाई के लिए देहरादून और बागेश्वर जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी देते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
इसके अलावा टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चम्पावत, उधम सिंह नगर और पिथौरागढ़ जिलों में भारी वर्षा की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट घोषित किया गया है. प्रशासन ने लोगों से मौसम की चेतावनियों पर नजर रखने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है.
मौसम विभाग के अनुसार 1 जुलाई को देहरादून, पौड़ी, नैनीताल, चम्पावत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक हो सकती है. वहीं हरिद्वार और उधम सिंह नगर जैसे मैदानी क्षेत्रों में भी गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है.