menu-icon
India Daily

केदारनाथ में उमड़ा आस्था का महासैलाब, 63 दिनों में टूटा बड़ा रिकॉर्ड; दर्शन कर चुके हैं 13 लाख श्रद्धालु

उत्तराखंड के केदारनाथ धाम में इस वर्ष की यात्रा ने नया इतिहास रच दिया है. कपाट खुलने के बाद महज 63 दिनों में 13 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
केदारनाथ में उमड़ा आस्था का महासैलाब, 63 दिनों में टूटा बड़ा रिकॉर्ड; दर्शन कर चुके हैं 13 लाख श्रद्धालु
Courtesy: ANI

उत्तराखंड स्थित केदारनाथ धाम में इस वर्ष श्रद्धा और आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा है जिसने यात्रा के पुराने आंकड़ों को पीछे छोड़ दिया है. कपाट खुलने के बाद से अब तक 13 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं. यात्रा को अभी केवल 63 दिन ही हुए हैं, लेकिन भक्तों की भारी आमद ने इस बार के यात्रा सीजन को बेहद खास बना दिया है. चारधाम यात्रा के प्रमुख केंद्र के रूप में केदारनाथ धाम लगातार श्रद्धालुओं की पहली पसंद बना हुआ है. यात्रा के शुरुआती दो महीनों में बड़ी संख्या में पहुंचे भक्तों ने स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती दी है. हालांकि मानसून की दस्तक के साथ अब यात्रियों की संख्या पहले की तुलना में कम होती दिखाई दे रही है.

कपाट खुलते ही बना था नया रिकॉर्ड

इस वर्ष केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खोले गए थे. पहले ही दिन दर्शन करने वालों की संख्या ने नया इतिहास रच दिया. उद्घाटन दिवस पर करीब 38 हजार श्रद्धालु बाबा केदार के दरबार में पहुंचे. यह संख्या केदारनाथ यात्रा के इतिहास में एक दिन में पहुंचे श्रद्धालुओं का सबसे बड़ा आंकड़ा मानी जा रही है, जिसने शुरुआत से ही यात्रा को चर्चा में ला दिया.

मई में चरम पर पहुंची थी यात्रा

यात्रा का सबसे व्यस्त दौर मई माह में देखने को मिला. इस दौरान प्रतिदिन लगभग 28 से 30 हजार श्रद्धालु धाम पहुंच रहे थे. लगातार बढ़ती भीड़ के कारण यात्रा मार्ग पर रौनक बनी रही. श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या से होटल, लॉज, गेस्ट हाउस, टेंट संचालकों, घोड़ा-खच्चर सेवा प्रदाताओं, डंडी-कंडी संचालकों और स्थानीय व्यापारियों को भी अच्छा कारोबार मिला.

मानसून के असर से घटी दैनिक संख्या

जून के अंतिम सप्ताह में मौसम बदलने के साथ यात्रियों की संख्या में कमी दर्ज की गई है. वर्तमान समय में प्रतिदिन लगभग सात से आठ हजार श्रद्धालु ही दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं. पिछले एक सप्ताह के आंकड़ों पर नजर डालें तो 16 जून को 9,885, 18 जून को 9,506 और 22 जून को 9,332 श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन किए. यह संख्या पहले की तुलना में कम जरूर है, लेकिन आस्था का प्रवाह लगातार जारी है.

सितंबर में फिर बढ़ सकती है रौनक

पर्यटन और यात्रा व्यवसाय से जुड़े लोगों को उम्मीद है कि वर्षाकाल समाप्त होने के बाद यात्रा में एक बार फिर तेजी देखने को मिलेगी. सितंबर माह में मौसम अनुकूल होने पर श्रद्धालुओं की संख्या दोबारा बढ़ सकती है. पिछले वर्षों की तरह इस बार भी बारिश के बाद बड़ी संख्या में भक्तों के धाम पहुंचने की संभावना जताई जा रही है.

प्रशासन ने बनाए रखी है पूरी तैयारी

जिला प्रशासन लगातार यात्रा की निगरानी कर रहा है. जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के अनुसार वर्षाकाल के बाद श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की उम्मीद है. यात्रियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, यातायात प्रबंधन और आवश्यक सुविधाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए संबंधित विभाग लगातार सक्रिय हैं, ताकि आने वाले महीनों में भी यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संचालित हो सके.