उत्तराखंड में धार्मिक पर्यटन और आम यात्रियों की सुविधा बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर रेल कनेक्टिविटी मजबूत करने से जुड़े छह अहम प्रस्ताव रखे. इन प्रस्तावों को लेकर केंद्र की ओर से सकारात्मक संकेत मिले हैं.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रेल मंत्री के सामने मुंबई और देहरादून के बीच वंदे भारत या सुपरफास्ट ट्रेन शुरू करने का प्रस्ताव रखा. इसके साथ ही मुंबई-हरिद्वार और मुंबई-रामनगर रेल सेवाओं की संख्या बढ़ाने की भी मांग की. उन्होंने देहरादून-कोटा ट्रेन को सूरत और वडोदरा के रास्ते मुंबई तक बढ़ाने का सुझाव भी दिया. मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार और रामनगर के लिए चलने वाली ट्रेनों को नियमित या सप्ताह में कम से कम तीन दिन चलाया जाए, ताकि धार्मिक यात्रियों, पर्यटकों और उत्तराखंड से जुड़े लोगों को यात्रा में अधिक सुविधा मिल सके. उन्होंने उम्मीद जताई कि इन सेवाओं के शुरू होने से चारधाम, कैंची धाम और अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंच पहले से आसान होगी.
मुख्यमंत्री ने पुराने ऋषिकेश रेलवे स्टेशन की जमीन राज्य सरकार को देने का अनुरोध किया. उन्होंने बताया कि यहां प्रस्तावित गंगा कॉरिडोर परियोजना विकसित की जानी है और इसके लिए पहले से योजना तैयार की जा रही है. इसके अलावा उन्होंने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना में जल्द रेल संचालन शुरू करने की मांग भी रखी. किच्छा-सितारगंज-खटीमा नई रेल लाइन परियोजना की पूरी लागत केंद्र सरकार उठाए और किसानों की समस्याओं का समाधान किया जाए, यह भी प्रस्ताव में शामिल रहा. धामी ने हरिद्वार, देहरादून, रुड़की, खटीमा, लक्सर, टनकपुर, बनबसा और हर्रावाला रेलवे स्टेशनों के विस्तार, आधुनिकीकरण और बेहतर सुविधाओं पर भी जोर दिया.
मुख्यमंत्री ने टनकपुर से चलने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस, मथुरा एक्सप्रेस और दौराई एक्सप्रेस का बनबसा रेलवे स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने का अनुरोध किया. उनका कहना था कि यह इलाका भारत-नेपाल सीमा के पास होने के कारण व्यापार और सुरक्षा दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण है. इससे स्थानीय लोगों, व्यापारियों और सेना से जुड़े लोगों को लाभ मिलेगा. इसके अलावा उन्होंने खटीमा-मझोला पीलीभीत रेलखंड के रेलवे फाटक संख्या 18C को दोबारा खोलने की मांग भी की. मुख्यमंत्री ने कहा कि फाटक बंद होने से किसानों, ग्रामीणों और पर्यटकों को परेशानी हो रही है. उन्होंने बताया कि केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का भरोसा दिया है.