menu-icon
India Daily

देहरादून में ISI की साजिश का खुलासा, पाकिस्तान को भेजी संवेदनशील लोकेशंस, युवक गिरफ्तार

एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर यह कार्रवाई की गई. आरोपी लोन वुल्फ मॉड्यूल चला रहा था और धीरे-धीरे अपने नेटवर्क को दिल्ली तक फैलाने की योजना बना रहा था. गिरफ्तारी पीएम मोदी के देहरादून दौरे से ठीक पहले हुई है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत हुई है.

antima
Edited By: Antima Pal
देहरादून में ISI की साजिश का खुलासा, पाकिस्तान को भेजी संवेदनशील लोकेशंस, युवक गिरफ्तार
Courtesy: x

देहारदून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है. स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने 29 वर्षीय युवक विक्रांत कश्यप को पाकिस्तान स्थित आतंकी हैंडलर्स के इशारे पर जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है. आरोपी देहरादून के महत्वपूर्ण सरकारी और रक्षा स्थानों की जानकारी और तस्वीरें पाकिस्तान भेज रहा था.

देहरादून में ISI की साजिश का खुलासा

पुलिस के अनुसार वह कई जगहों पर बम लगाने की साजिश में भी शामिल था. गिरफ्तारी प्रेमनगर क्षेत्र के झाझरा से की गई. STF और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत रात में कार्रवाई की. आरोपी विक्रांत कश्यप एक गाड़ी धुलाई करने वाले गैराज में काम करता था. 

जांच में पता चला कि वह पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी और आईएसआई से जुड़े एजेंटों के संपर्क में था. विक्रांत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के जरिए अपने हैंडलर्स से बात करता था. उसने देहरादून के आईएसबीटी, पुलिस मुख्यालय और अन्य संवेदनशील इमारतों की लोकेशन, फोटो और वीडियो पाकिस्तान भेजे थे. हैंडलर्स ने उसे इन जगहों पर बम धमाके करने और 'टीटीएच' (तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान) लिखने का काम सौंपा था. इससे पहले वह रक्षा प्रतिष्ठानों की जानकारी भी शेयर कर चुका था.

तलाशी के दौरान पुलिस को विक्रांत के पास से .32 बोर की पिस्टल, सात जिंदा कारतूस, स्प्रे पेंट का कैन और मोबाइल फोन बरामद हुआ. मोबाइल में सबूत मिले हैं जो उसके देश विरोधी गतिविधियों को साबित करते हैं. पूछताछ में विक्रांत ने बताया कि वह दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला का बड़ा प्रशंसक था. साल 2022 में मूसेवाला की हत्या के बाद बदला लेने की भावना से उसने पाकिस्तानी हैंडलर शहजाद भट्टी से संपर्क साधा. हैंडलर ने उसे अच्छी रकम और नेपाल होते हुए दुबई बसाने का लालच दिया. इसी वजह से वह जासूसी और आतंकी साजिश में शामिल हो गया.

एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर यह कार्रवाई की गई. आरोपी लोन वुल्फ मॉड्यूल चला रहा था और धीरे-धीरे अपने नेटवर्क को दिल्ली तक फैलाने की योजना बना रहा था. गिरफ्तारी पीएम मोदी के देहरादून दौरे से ठीक पहले हुई है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत हुई है. पुलिस अब आरोपी से विस्तार से पूछताछ कर रही है. केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है. विक्रांत पर देशद्रोह और आतंकवाद संबंधी धाराओं में मामला दर्ज किया गया है.