menu-icon
India Daily

देहरादून, नैनीताल समेत 5 जिलों में आज बारिश का तांडव! चम्पावत-बागेश्वर में भूस्खलन का खतरा

उत्तराखंड में मानसून फिर सक्रिय हो गया है. 16 अगस्त को देहरादून समेत पांच जिलों में बहुत भारी बारिश और आकाशीय बिजली का खतरा है. पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और मैदानी इलाकों में जलभराव की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
देहरादून, नैनीताल समेत 5 जिलों में आज बारिश का तांडव! चम्पावत-बागेश्वर में भूस्खलन का खतरा
Courtesy: ANI

उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ने लगा है. मौसम विभाग ने 16 अगस्त को राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर चेतावनी जारी की है. देहरादून, चम्पावत, बागेश्वर, नैनीताल और उधमसिंह नगर में मौसम सबसे अधिक खराब रहने की संभावना है. 

बारिश के साथ तेज गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा. वहीं उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और हरिद्वार में भी कई जगह भारी बारिश हो सकती है.

देहरादून और ऋषिकेश में तीन दिन मौसम खराब

राजधानी देहरादून और ऋषिकेश के आसपास 16 से 18 अगस्त तक बारिश का दौर बने रहने का अनुमान है. 16 अगस्त को तेज गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश हो सकती है. 17 अगस्त को भी बहुत भारी बारिश की चेतावनी है, जबकि 18 अगस्त को भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है. लगातार बारिश के कारण देहरादून के निचले इलाकों में जलभराव हो सकता है. मसूरी और सहस्रधारा जाने वाले रास्तों पर पहाड़ी से पत्थर गिरने और यातायात प्रभावित होने का खतरा भी बना रहेगा.

नैनीताल और उधमसिंह नगर में बढ़ेगी परेशानी

नैनीताल और उधमसिंह नगर में 16 अगस्त को भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका है. नैनीताल के पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और कम दृश्यता की समस्या हो सकती है. वहीं रुद्रपुर, काशीपुर और खटीमा जैसे मैदानी इलाकों में जलभराव के साथ नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने की आशंका है. चम्पावत और बागेश्वर में भी तेज बारिश के कारण पहाड़ी ढलानों से मलबा आने और सड़कें बाधित होने का खतरा रहेगा. बागेश्वर में 18 और 19 अगस्त को भी बारिश तेज रह सकती है.

चारधाम यात्रा मार्ग पर विशेष सावधानी

उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग में 18 अगस्त को भारी बारिश का अनुमान है. गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ जाने वाले यात्रियों को मौसम की ताजा जानकारी लेने के बाद ही यात्रा करने की सलाह दी गई है. तेज बारिश के दौरान पहाड़ी मार्गों पर मलबा आने से यातायात बाधित हो सकता है.

मौसम विभाग के अनुसार 16 से 21 अगस्त तक उत्तराखंड में मानसून सक्रिय रहने की संभावना है. इस दौरान कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी, जबकि पहाड़ी जिलों में कुछ स्थानों पर तेज बारिश और आकाशीय बिजली का खतरा बना रहेगा. आपदा प्रबंधन विभाग ने जिलों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं.