हरिद्वार पुलिस ने कांवड़ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है. इस बार यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए कई सख्त नियम बनाए गए हैं. जुगाड़ वाहन और रेट्रो साइलेंसर वाले वाहनों को यात्रा में लाने की पूरी तरह मनाही है. इस बार भाले, त्रिशूल, तलवार या कोई भी नुकीला हथियार साथ ले जाना प्रतिबंधित किया गया है.
पैदल कांवड़ की ऊंचाई 6 फीट और कांवड़ झांकी की ऊंचाई 10 फीट से ज्यादा नहीं होनी चाहिए. नियम तोड़ने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, अनुशासित और सफल बनाने के लिए प्रशासन के साथ मिलकर व्यापक तैयारी की गई है. लाखों शिव भक्तों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखकर ये दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं.
कांवड़ यात्रा के दौरान तेज आवाज करने वाले वाहनों और रेट्रो साइलेंसर का इस्तेमाल पूरी तरह बंद रहेगा. इससे यातायात बाधित न हो और ध्वनि प्रदूषण न फैले, इसके लिए सख्ती बरती जाएगी. ऊंचा कांवड़ बनाने पर रोक लगाई गई है, जिससे ऊपरी बिजली की तारों से टकराने की घटनाएं न हों. साथ ही अन्य यात्रियों को असुविधा न हो. पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपने साथ वैध पहचान पत्र (ID) जरूर रखें.
रेल से आने वाले कांवड़ियों को खास चेतावनी दी गई है. चलती ट्रेन की छत या किसी असुरक्षित जगह पर यात्रा करना कानूनी अपराध है. ऐसा करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. भोले की नगरी में शराब या किसी भी मादक पदार्थ का सेवन या उनके नशे में यात्रा करना पूरी तरह प्रतिबंधित है. उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई होगी.
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने सभी शिव भक्तों से आग्रह किया है कि वे आपसी सौहार्द बनाए रखें, किसी भी विवाद या मारपीट से दूर रहें और पुलिस प्रशासन का पूरा सहयोग करें. कांवड़ यात्रा भगवान शिव की आस्था का बड़ा पर्व है. सभी के सहयोग से इसे सुरक्षित, अनुशासित और यादगार बनाया जा सकता है.