menu-icon
India Daily

हरिद्वार में सौतेली मां की सिर कटी लाश मिलने पर हड़कंप, बेटी और उसका प्रेमी अरेस्ट; जांच जारी

रुड़की के मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में गंगनहर किनारे झाड़ियों से एक महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया. पुलिस के अनुसार महिला की गला रेतकर हत्या की गई है और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को झाड़ियों में फेंका गया.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
हरिद्वार में सौतेली मां की सिर कटी लाश मिलने पर हड़कंप, बेटी और उसका प्रेमी अरेस्ट; जांच जारी
Courtesy: Pinterest

हरिद्वार: मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में गंगनहर किनारे महिला की हत्या से सनसनी फैल गई. कांवड़ पटरी के पास झाड़ियों में महिला का शव पड़ा मिला. सुबह करीब 10 बजे वहां से गुजर रहे राहगीरों की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी. जानकारी मिलते ही मंगलौर कोतवाली पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेर लिया.

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि महिला की गला रेतकर हत्या की गई है. मृतका की पहचान कविता तोमर पत्नी अरविंद पवार, निवासी नर रेशमपुर, थाना कंकरखेड़ा, जनपद मेरठ, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए रुड़की के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया.

घटनास्थल पर मिला कपड़ों से भरा थैला

पुलिस ने घटनास्थल की जांच के दौरान मृतका के शव के पास कपड़ों से भरा एक थैला बरामद किया. थैले की तलाशी लेने पर उसमें महिला के कपड़ों के अलावा एक पुरुष की जींस और शर्ट भी मिली. पुलिस के अनुसार इन कपड़ों पर खून के निशान भी पाए गए हैं. इस बरामदगी ने जांच को एक अहम दिशा दी है.

पुलिस को आशंका है कि महिला किसी परिचित व्यक्ति के साथ कहीं गई थी. इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ होगा और साथ मौजूद व्यक्ति ने वारदात को अंजाम दिया. इसके बाद पहचान और साक्ष्य छिपाने के इरादे से शव को गंगनहर किनारे झाड़ियों में फेंके जाने की आशंका है.

बेटी और उसके प्रेमी से पूछताछ

मामले में पुलिस ने मृतका की सौतेली बेटी और उसके प्रेमी को हिरासत में लिया है. दोनों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि महिला की हत्या के पीछे क्या वजह थी और घटना के समय कौन-कौन लोग उसके संपर्क में थे.

पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा कर सकती है. हालांकि, फिलहाल हत्या की वजह और वारदात को अंजाम देने को लेकर जांच जारी है. पुलिस बरामद सामान, पूछताछ और अन्य साक्ष्यों को जोड़कर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां तलाश रही है.

सीसीटीवी फुटेज से सुराग तलाश रही पुलिस

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया और जरूरी साक्ष्य जुटाए. इसके साथ ही गंगनहर पटरी और आसपास के मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि महिला के साथ कौन था और शव को वहां तक कैसे लाया गया.

इसी जगह पहले भी मिले थे महिलाओं के शव

मंगलौर क्षेत्र में जिस जगह महिला का शव मिला है, वह स्थान पहले भी हत्या की घटनाओं के कारण चर्चा में रह चुका है. पिछले महीने इसी जगह दो महिलाओं की हत्या कर शव फेंके जाने की घटनाएं सामने आई थीं. इनमें एक मामला बहादराबाद थाना क्षेत्र का था, जिसमें एक विवाहिता की हत्या के बाद शव गंगनहर में फेंक दिया गया था.

बहादराबाद पुलिस ने उस मामले का खुलासा किया था. हालांकि, शव को लेकर मुरादाबाद पुलिस ने भी दावा किया था. मुरादाबाद पुलिस एक आरोपी को रिमांड पर लेकर घटनास्थल पर पहुंची थी. पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर इसी स्थान पर शव फेंकने की बात बताई थी. अब नई वारदात ने इलाके में फिर चिंता बढ़ा दी है.