menu-icon
India Daily

देहरादून में ट्रैफिक अलर्ट! उपराष्ट्रपति के दौरे पर कई रूट डायवर्ट, जानें पूरी जानकारी

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के देहरादून दौरे को देखते हुए पुलिस ने 19 और 20 अगस्त के लिए यातायात व्यवस्था बदली है. कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से भेजा जाएगा.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
देहरादून में ट्रैफिक अलर्ट! उपराष्ट्रपति के दौरे पर कई रूट डायवर्ट, जानें पूरी जानकारी
Courtesy: ANI

उपराष्ट्रपति CP राधाकृष्णन बुधवार को दो दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंचेंगे. उनके कार्यक्रम को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के साथ यातायात व्यवस्था भी तैयार कर ली है. 19 अगस्त को दोपहर एक बजे से 3:30 बजे तक, जबकि 20 अगस्त को सुबह 8:30 से 10:30 बजे और दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक कुछ मार्गों पर यातायात बदला रहेगा. पुलिस ने लोगों से इन समयों के दौरान वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है.

इन समयों में रहेगा यातायात बदलाव

19 अगस्त को दोपहर 1 से 3:30 बजे तक और 20 अगस्त को सुबह 8:30 से 10:30 बजे तथा दोपहर 12 से 3 बजे तक यातायात प्रभावित रहेगा. रानीपोखरी, भोगपुर, थानो, 6 नंबर पुलिया और सहस्त्रधारा क्रासिंग से आने वाले वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से देहरादून भेजा जाएगा. मसूरी जाने वाले वाहनों के लिए भी साईं मंदिर और आईटी पार्क होकर रास्ता तय किया गया है.

हरिद्वार और ऋषिकेश जाने वालों के लिए रास्ते

हरिद्वार से देहरादून आने वाले वाहनों को भानियावाला फ्लाईओवर, डोईवाला और दूधली मार्ग से कारगी चौक की ओर भेजा जाएगा. ऋषिकेश और हरिद्वार जाने वाले वाहनों को कारगी चौक से दूधली, डोईवाला, लालतप्पड़ और नेपाली फार्म होकर आगे भेजा जाएगा. मसूरी जाने वाले वाहनों के लिए आईएसबीटी, शिमला बाईपास, जीएमएस रोड, कैंट और अनारवाला मार्ग निर्धारित किया गया है.

मसूरी जाने वालों के लिए भी बदला मार्ग

आशारोड़ी, प्रेमनगर, ईसी रोड, घंटाघर, हाथीबड़कला और दिलाराम से मसूरी जाने वाले वाहनों को अलग-अलग वैकल्पिक रास्तों से भेजा जाएगा. इनमें शिमला बाईपास, बल्लूपुर, कैंट, कैनाल रोड, काठ बंगला पुल और साईं मंदिर प्रमुख मार्ग हैं. पुलिस ने भोगपुर तिराहा, कारगी चौक, शिमला बाईपास, सहस्त्रधारा क्रासिंग, साईं मंदिर, दिलाराम चौक और कुठालगेट समेत कई स्थानों को डायवर्जन प्वाइंट बनाया है.

पुलिसकर्मियों को तीन घंटे पहले पहुंचने के निर्देश

उपराष्ट्रपति के दौरे को लेकर पुलिस लाइन में अधिकारियों ने सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की. ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्धारित समय से तीन घंटे पहले अपने स्थान पर पहुंचने को कहा गया है. अधिकारियों ने ड्यूटी क्षेत्र और आसपास की जांच करने के निर्देश भी दिए. नोडल अधिकारियों से सादे कपड़ों और वर्दी में तैनात जवानों की पहचान और ड्यूटी कार्ड जांचने के साथ उन्हें जिम्मेदारियों की जानकारी देने को कहा गया है.