menu-icon
India Daily

AC Repair बना काल, पिता को बचाने पहुंची मासूम बेटी फिर... बिजली ने छीन ली दो जिंदगियां

हल्द्वानी के बनभूलपुरा में एसी का आउटडोर ठीक करते समय 45 वर्षीय व्यक्ति करंट की चपेट में आ गया. पिता को बचाने पहुंची 12 वर्षीय बेटी भी हादसे का शिकार हो गई.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
AC Repair बना काल, पिता को बचाने पहुंची मासूम बेटी फिर... बिजली ने छीन ली दो जिंदगियां
Courtesy: Pinterest

हल्द्वानी के बनभूलपुरा इलाके में सोमवार रात एक दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं. घर की छत पर एसी का आउटडोर ठीक करने गए पिता को अचानक बिजली का करंट लग गया. पिता की हालत देखकर उनकी 12 वर्षीय बेटी मदद के लिए दौड़ी, लेकिन उसे अंदाजा नहीं था कि यह कदम उसकी जान पर भारी पड़ जाएगा. बेटी ने जैसे ही पिता को छुआ, वह भी बिजली की चपेट में आ गई. अस्पताल पहुंचने पर दोनों को मृत घोषित कर दिया गया.

AC ठीक करते समय हुआ हादसा

बनभूलपुरा के वार्ड छह में लाल मस्जिद के पास रहने वाले 45 वर्षीय नदीम कार के गैराज में काम करते थे. सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे वह घर की छत पर AC का आउटडोर ठीक करने गए थे. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इसी दौरान वह पास स्थित बिजली के पोल से करंट की चपेट में आ गए. अचानक हुई घटना से घर में चीख-पुकार मच गई.

पिता को बचाने दौड़ी बेटी

पिता की आवाज सुनकर उनकी 12 वर्षीय बेटी अलिज्बा उन्हें बचाने के लिए छत पर पहुंची. उसने जैसे ही पिता को हाथ लगाया, वह भी बिजली के संपर्क में आ गई. दोनों को करंट लगता देख आसपास के लोगों ने तुरंत बिजली आपूर्ति बंद कराई. इसके बाद परिवार और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को इलाज के लिए डा. सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया.

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत बताया

परिजन दोनों को लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. एक ही हादसे में पिता और बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया. सूचना मिलने पर पुलिस भी अस्पताल पहुंची और दोनों शवों को मोर्चरी में रखवा दिया. पुलिस के अनुसार, शवों का पोस्टमार्टम मंगलवार को कराया जाएगा.

स्थानीय लोगों ने परिवार को बंधाया ढांढस

घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोग भी अस्पताल पहुंचे. विधायक सुमित हृदयेश समेत स्थानीय नेताओं ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया. बनभूलपुरा कोतवाल दिनेश फर्त्याल ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा. पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है. घटना के बाद इलाके में भी शोक का माहौल बना हुआ है.