दिल्ली-देहरादून हाईवे पर कल रात से भारी वाहनों की एंट्री बंद, सफर से पहले जान लें नया डायवर्जन प्लान

कांवड़ यात्रा को देखते हुए 29 जुलाई की मध्यरात्रि से 12 अगस्त तक दिल्ली-देहरादून हाईवे (एनएच-58) और गंगनहर पटरी पर भारी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी.

Pinterest
Reepu Kumari

कांवड़ यात्रा के बढ़ते यातायात को देखते हुए प्रशासन ने दिल्ली-देहरादून हाईवे पर बड़ा ट्रैफिक प्लान लागू करने का फैसला लिया है. 29 जुलाई की मध्यरात्रि से एनएच-58 और गंगनहर पटरी पर भारी वाहनों का संचालन पूरी तरह रोक दिया जाएगा. यह व्यवस्था 12 अगस्त तक प्रभावी रहेगी. पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई से 4 अगस्त तक हल्के और मध्यम वाहन हाईवे की बाईं लेन से गुजर सकेंगे. इसके बाद 4 अगस्त की रात से एनएच-58 पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही अगले आदेश तक बंद रहेगी. यात्रियों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं.

भारी वाहनों पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध

29 जुलाई की रात 12 बजे से 12 अगस्त तक दिल्ली-देहरादून हाईवे और गंगनहर पटरी पर भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा. इसके साथ ही मुजफ्फरनगर से मीरापुर होकर बिजनौर जाने वाले मार्ग पर भी भारी वाहनों की आवाजाही रोक दी जाएगी, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान ट्रैफिक सुचारु बना रहे.

चार अगस्त तक ऐसे चलेगा ट्रैफिक

29 जुलाई से 4 अगस्त की रात तक हल्के और मध्यम वाहन एनएच-58 की बाईं लेन से गुजरेंगे. वहीं, हाईवे की दाईं लेन हरिद्वार से लौट रहे कांवड़ियों के लिए आरक्षित रहेगी. प्रशासन ने यात्रियों से निर्धारित ट्रैफिक व्यवस्था का पालन करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है.


इसके बाद सभी वाहनों की एंट्री बंद

4 अगस्त की मध्यरात्रि से 12 अगस्त तक एनएच-58 पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी. इस अवधि में हरिद्वार आने-जाने वाले वाहन देवबंद, रामपुर तिराहा, जानसठ रोड, रामराज और मवाना होते हुए मेरठ के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे.

रेलवे और यात्रा मार्ग पर कड़ी सुरक्षा

कांवड़ मेले के दौरान रेलवे सुरक्षा को भी मजबूत किया गया है. रेलवे क्षेत्र को दो सुपर जोन, चार जोन और सात सेक्टर में बांटा गया है. हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर सीसीटीवी निगरानी बढ़ाई गई है. महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की विशेष तैनाती की गई है.

ड्रोन और कैमरों से होगी निगरानी

ऋषिकेश, मुनिकीरेती और नीलकंठ क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए छह ड्रोन और 185 कैमरों से निगरानी की जाएगी. पुलिस अधिकारियों को शिवभक्तों के साथ मधुर व्यवहार करने के निर्देश दिए गए हैं. साथ ही अस्थायी दुकानदारों का सत्यापन और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई के भी निर्देश जारी किए गए हैं.