VIDEO: पढ़ाई नहीं, लड्डू के लिए आंदोलन! कोटा में सड़क पर उतरे छात्र; पुलिस के लट्ठ देखते ही मचा हड़कंप
राजस्थान के कोटा में दीपावली पर लड्डू नहीं मिलने से नाराज कोचिंग छात्रों ने अनोखा प्रदर्शन किया. छात्रों ने इसे 'लड्डू प्रोटेस्ट' नाम दिया और सोशल मीडिया पर 'लड्डू जनता पार्टी' बनाकर अभियान चलाया.
राजस्थान के कोटा में इस बार दीपावली पर एक ऐसा अनोखा प्रदर्शन देखने को मिला, जिसकी सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है. यहां कोचिंग करने वाले छात्र परीक्षा, फीस या पढ़ाई के दबाव को लेकर नहीं, बल्कि लड्डू नहीं मिलने पर सड़कों पर उतर आए.
छात्रों ने मिठाई की मांग को लेकर नारेबाजी की और इसे 'लड्डू प्रोटेस्ट' नाम दे दिया. इस दौरान पुलिस के लट्ठ लेकर दौड़ने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. हालांकि, छात्रों का यह आंदोलन किसी गंभीर राजनीतिक मुद्दे को लेकर नहीं, बल्कि दीपावली पर मिलने वाली मिठाई के लिए था.
क्या है कोटा का लड्डू प्रोटेस्ट?
कोटा को देश की कोचिंग राजधानी कहा जाता है. यहां हर साल देशभर से लाखों छात्र इंजीनियरिंग और मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी करने आते हैं. कोटा के कई कोचिंग संस्थानों, खासकर एलन कोचिंग के कोरल पार्क और सुपाथ इलाके में दीपावली की छुट्टियों पर घर जाने से पहले छात्रों को मिठाई के डिब्बे बांटने की परंपरा रही है.
Also Read
इस साल छात्रों को समय पर मिठाई नहीं मिल पाई. बताया जा रहा है कि दीपावली के दौरान भारी मांग के चलते कोचिंग संस्थानों को थोक में लड्डू तैयार करने वाले हलवाई नहीं मिल सके. इसके कारण मिठाई की पैकिंग और सप्लाई में देरी हो गई. छुट्टियां शुरू होने के बावजूद जब छात्रों को लड्डू नहीं मिले, तो उन्होंने कोचिंग संस्थानों के बाहर विरोध शुरू कर दिया.
'लड्डू जनता पार्टी' बनाकर शुरू किया डिजिटल आंदोलन
लड्डू नहीं मिलने से नाराज छात्रों ने सोशल मीडिया पर भी अपनी आवाज उठाई. उन्होंने इंस्टाग्राम समेत कई प्लेटफॉर्म पर 'लड्डू जनता पार्टी' नाम से अकाउंट और पेज बना लिए. इसके बाद मीम्स, रील्स और मजेदार पोस्ट की बाढ़ आ गई.
छात्रों ने सोशल मीडिया पर लिखा, "कोटा आने से बेनिफिट तो मिला, पर लड्डू नहीं मिला." वहीं, कुछ छात्रों ने इसे अपना हक बताते हुए कहा कि उन्हें दीपावली की मिठाई मिलनी ही चाहिए. देखते ही देखते #allenladdu और #ladduprotest जैसे हैशटैग चर्चा में आ गए.
जयपुर और भीलवाड़ा तक तलाशे गए हलवाई
शुरुआत में कोचिंग संस्थानों ने छात्रों की नाराजगी को सामान्य शरारत समझा, लेकिन सोशल मीडिया पर मामला तेजी से वायरल होने के बाद इसे गंभीरता से लिया गया. छात्रों की मांग पूरी करने के लिए बड़ी मात्रा में लड्डू तैयार कराने की व्यवस्था की गई.
इसके लिए इंदौर, जयपुर और भीलवाड़ा तक के हलवाइयों से संपर्क किया गया. आखिरकार कोटा की दो बड़ी फैक्ट्रियों को लड्डू बनाने का ऑर्डर दिया गया. बताया गया कि वहां दिन-रात काम करके मिठाइयां तैयार की गईं. इसके बाद कोचिंग संचालक खुद छात्रों के बीच पहुंचे और उन्हें लड्डू बांटकर मुंह मीठा कराया.
लड्डू मिलते ही छात्रों ने मनाया जीत का जश्न
कई दिनों की नाराजगी और सोशल मीडिया अभियान के बाद जब छात्रों को लड्डू मिले, तो उनकी खुशी भी देखने लायक थी. छात्रों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा, 'भाइयों, हम लोग प्रोटेस्ट जीत गए, सपोर्ट के लिए शुक्रिया.' इस पूरे मामले का वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है. लड्डू की मांग को लेकर छात्रों के प्रदर्शन और पुलिस के लट्ठ लेकर दौड़ने के दृश्य ने लोगों का ध्यान खींचा है. सोशल मीडिया यूजर्स भी इस अनोखे आंदोलन पर मजेदार प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.
एक यूजर ने Gen Z के अंदाज पर टिप्पणी करते हुए लिखा कि आज की पीढ़ी इस्तीफे से लेकर लड्डू तक हर चीज के लिए गंभीर है. वहीं, दूसरे यूजर ने कहा कि कोटा में लड्डू के लिए ऐसी जंग पहले कभी नहीं देखी.