देहरादून: उत्तराखंड की राजनीति में सबसे अहम माने जाने वाले देहरादून जिले की नई प्रारूप मतदाता सूची जारी हो गई है. इस सूची ने न केवल जिले में मतदाताओं की संख्या का नया आंकड़ा पेश किया है, बल्कि आने वाले विधानसभा चुनाव के संभावित समीकरणों की भी झलक दिखाई है. निर्वाचन आयोग के मुताबिक जिले में अब कुल 11 लाख 90 हजार 805 मतदाता हैं. इनमें बड़ी संख्या युवा मतदाताओं की है, जो आगामी चुनाव में अहम भूमिका निभा सकते हैं.
नई मतदाता सूची के अनुसार देहरादून में 18 से 29 वर्ष आयु वर्ग के 3 लाख 95 हजार 868 मतदाता हैं. यह कुल मतदाताओं का करीब 33 प्रतिशत है. यानी जिले का लगभग हर तीसरा मतदाता युवा है. चुनाव विशेषज्ञों का मानना है कि रोजगार, शिक्षा, डिजिटल सुविधाएं और विकास जैसे मुद्दे इस वर्ग के लिए सबसे महत्वपूर्ण रहेंगे और राजनीतिक दल भी अपनी रणनीति इन्हीं मुद्दों के आसपास तैयार कर सकते हैं.
देहरादून में महिला मतदाताओं की संख्या भी लगातार बढ़ रही है. नई सूची के अनुसार जिले में 4 लाख 52 हजार 170 महिला मतदाता दर्ज हैं. यह कुल मतदाताओं का लगभग 38 प्रतिशत है. पिछले कुछ वर्षों में महिलाओं की मतदान में बढ़ती भागीदारी ने चुनावी राजनीति को नई दिशा दी है. ऐसे में सभी राजनीतिक दल महिला मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए विशेष अभियान चला सकते हैं.
मतदाता संख्या के लिहाज से रायपुर विधानसभा जिले की सबसे बड़ी सीट बन गई है. यहां 1 लाख 36 हजार 724 मतदाता दर्ज किए गए हैं. इसके अलावा चकराता में 1 लाख 62 हजार 573, सहसपुर में 1 लाख 61 हजार 174, विकासनगर में 1 लाख 50 हजार 916, डोईवाला में 1 लाख 47 हजार 40, धर्मपुर में 1 लाख 46 हजार 861 और ऋषिकेश में 1 लाख 29 हजार 681 मतदाता हैं.
वहीं मसूरी में 1 लाख 10 हजार 103, देहरादून कैंट में 80 हजार 793 और राजपुर रोड में 80 हजार 969 मतदाता दर्ज किए गए हैं. हालांकि मतदाताओं की संख्या कम होने के बावजूद देहरादून कैंट और राजपुर रोड राजनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण सीटें मानी जाती हैं क्योंकि यहां का शहरी वोट बैंक चुनावी परिणामों पर बड़ा असर डालता है.
मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन के साथ ही जिले में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान भी शुरू हो गया है. 14 जुलाई से 13 अगस्त तक नए मतदाता अपना नाम जुड़वा सकते हैं. इसके साथ ही मतदाता सूची में नाम हटाने, पता बदलने या अन्य किसी प्रकार के संशोधन के लिए भी आवेदन किया जा सकेगा. जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि बूथ स्तर पर विशेष अभियान चलाया जाएगा. नए मतदाता प्रपत्र 6, नाम हटाने के लिए प्रपत्र 7 और संशोधन के लिए प्रपत्र 8 के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे. अधिकारियों का विशेष ध्यान पहली बार मतदान करने वाले युवाओं और छूटे हुए पात्र नागरिकों पर रहेगा.