menu-icon
India Daily

चीरबासा में महिला तीर्थयात्री की बोल्डर गिरने से मौत; बारिश के चलते 2 घंटे रुकी केदारनाथ यात्रा

केदारनाथ पैदल मार्ग पर चीरबासा के पास पहाड़ी से गिरे बोल्डर की चपेट में आकर दिल्ली की महिला तीर्थयात्री की मौत हो गई. एक यात्री घायल हुआ. तेज बारिश के कारण यात्रा दो घंटे रोकी गई.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
चीरबासा में महिला तीर्थयात्री की बोल्डर गिरने से मौत; बारिश के चलते 2 घंटे रुकी केदारनाथ यात्रा
Courtesy: social media

केदारनाथ धाम की यात्रा के बीच मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ. गौरीकुंड से करीब चार किलोमीटर दूर चीरबासा के पास अचानक पहाड़ी से बोल्डर गिरने लगा. इसकी चपेट में आने से दिल्ली की महिला श्रद्धालु की जान चली गई, जबकि कर्नाटक का एक यात्री घायल हो गया. घटना के बाद प्रशासन ने सुरक्षा बढ़ा दी.

बोल्डर की चपेट में आई महिला

मंगलवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु केदारनाथ धाम की ओर पैदल बढ़ रहे थे. इसी दौरान चीरबासा के पास पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने लगे. एक बोल्डर सीधे महिला तीर्थयात्री की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसे की जानकारी मिलते ही डीडीआरएफ की टीम वहां पहुंची और घायल कर्नाटक निवासी यात्री को सुरक्षित निकालकर गौरीकुंड अस्पताल पहुंचाया. महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए रुद्रप्रयाग भेजा गया.

तेज बारिश में दो घंटे रुकी यात्रा

केदारनाथ धाम और पैदल मार्ग पर मंगलवार को लगातार तेज बारिश हो रही थी. यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने सुबह करीब 10 बजे सोनप्रयाग में यात्रा रोक दी. इस दौरान 400 से अधिक श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया गया. करीब दो घंटे तक मौसम की स्थिति पर नजर रखी गई. हालात में सुधार के बाद दोपहर साढ़े 12 बजे के बाद यात्रा फिर शुरू कर दी गई.

प्रशासन ने बढ़ाई निगरानी

बारिश के कारण पहाड़ी रास्तों पर भूस्खलन और पत्थर गिरने का खतरा लगातार बना हुआ है. हादसे के बाद पैदल मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है. प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें मौसम की स्थिति पर नजर रख रही हैं. अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि खराब मौसम में अनावश्यक जोखिम न लें और रास्ते में तैनात सुरक्षा कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करें.

श्रद्धालुओं से सावधानी बरतने की अपील

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार के मुताबिक, भारी बारिश को देखते हुए यात्रियों को एहतियातन सोनप्रयाग में रोका गया था. मौसम सामान्य होने पर यात्रा बहाल कर दी गई. हालांकि, यात्रा मार्ग पर खतरा पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है. प्रशासन ने श्रद्धालुओं से मौसम का अपडेट देखते रहने, सुरक्षित स्थानों पर रहने और किसी भी जोखिम वाले हिस्से में रुकने या आगे बढ़ने से बचने की सलाह दी है.