menu-icon
India Daily

देहरादून: मोहकमपुर से ISBT-शिमला बाईपास तक जाम से मिलेगी राहत, ट्रैफिक पुलिस का नया प्लान

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार दिनभर भारी वाहनों की आवाजाही जाम की सबसे बड़ी वजह है. मोहकमपुर, रिस्पना तिराहा, आईएसबीटी और शिमला बाईपास क्षेत्र में छोटे-बड़े वाहनों का दबाव पहले से ही ज्यादा रहता है. ऊपर से लोडेड ट्रक और लोडर वाहन आने से सड़क पर ट्रैफिक ठप हो जाता है. आम लोग घंटों जाम में फंसकर परेशान रहते हैं. 

antima
Edited By: Antima Pal
देहरादून: मोहकमपुर से ISBT-शिमला बाईपास तक जाम से मिलेगी राहत, ट्रैफिक पुलिस का नया प्लान
Courtesy: X

देहरादून: शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर है. मोहकमपुर से लेकर आईएसबीटी और शिमला बाईपास तिराहा तक रोजाना लगने वाले लंबे जाम से अब छुटकारा मिल सकता है. ट्रैफिक पुलिस ने इस समस्या को हल करने के लिए एक नया प्लान तैयार किया है. इसके तहत हरिद्वार बाईपास पर दिन के समय भारी ट्रकों की एंट्री पूरी तरह बंद कर दी जाएगी.

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार दिनभर भारी वाहनों की आवाजाही जाम की सबसे बड़ी वजह है. मोहकमपुर, रिस्पना तिराहा, आईएसबीटी और शिमला बाईपास क्षेत्र में छोटे-बड़े वाहनों का दबाव पहले से ही ज्यादा रहता है. ऊपर से लोडेड ट्रक और लोडर वाहन आने से सड़क पर ट्रैफिक ठप हो जाता है. आम लोग घंटों जाम में फंसकर परेशान रहते हैं. 

केवल रात में ट्रकों को मिलेगी अनुमति

नए प्लान के मुताबिक भारी मालवाहक वाहनों को अब सिर्फ रात के समय शहर के अंदर आने की इजाजत दी जाएगी. रात में जब सड़कों पर यातायात कम हो जाता है, तब ये ट्रक आसानी से गुजर सकेंगे. इससे दिन के समय सड़क की क्षमता बढ़ेगी और वाहनों की रफ्तार बनी रहेगी. ट्रैफिक पुलिस ने इस प्लान को अमल में लाने के लिए पूरी तैयारी कर ली है. 

एसपी ट्रैफिक जितेंद्र चौधरी ने बताया कि प्रस्तावित योजना जल्द ही लागू कर दी जाएगी. शहर के बाहर दो होल्डिंग पॉइंट बनाए गए हैं. भारी ट्रकों को दिन में लालतप्पड़ और ट्रांसपोर्टनगर में रोक दिया जाएगा. वहां से रात होने पर ही इन्हें आगे बढ़ने दिया जाएगा.

लंबे समय से चली आ रही समस्या

हरिद्वार बाईपास मार्ग पर पिछले कई सालों से ट्रैफिक दबाव बढ़ता जा रहा है. खासकर दिन के पीक आवर्स में स्थिति और खराब हो जाती है. कई बार लोग यू-टर्न लेने के लिए दूर जाना पड़ता है, जिसके कारण कुछ दोपहिया चालक कट मारकर गलत रास्ते से निकलने की कोशिश करते हैं. अचानक ब्रेक लगने और गलत साइड ड्राइविंग की घटनाएं भी आम हैं. 

नया प्लान इन समस्याओं को भी कम करने में मददगार साबित होगा. ट्रैफिक विशेषज्ञों का कहना है कि भारी वाहनों को दिन में रोकने से सड़क पर दबाव घटेगा. इससे ईंधन की बचत होगी, प्रदूषण कम होगा और लोगों का समय बचेगा. 

लागू होने के बाद नजर आएगा असर

पुलिस का मानना है कि यह व्यवस्था लागू होने के बाद मोहकमपुर से शिमला बाईपास तक का सफर आसान हो जाएगा. हालांकि शुरुआती दिनों में ड्राइवरों को नई व्यवस्था की जानकारी देने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा. शहरवासी लंबे समय से इस तरह के ठोस कदम की उम्मीद कर रहे थे.