menu-icon
India Daily

उत्तराखंड में 'सेवा पखवाड़ा' शुरू, सीएम धामी बोले- 2035 तक बनाएंगे विकसित प्रदेश

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 'सेवा, सुशासन एवं समर्पण जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार' (सेवा पखवाड़ा) कार्यक्रम का शुभारंभ किया.

Shilpa Shrivastava
उत्तराखंड में 'सेवा पखवाड़ा' शुरू, सीएम धामी बोले- 2035 तक बनाएंगे विकसित प्रदेश
Courtesy: X (@pushkardhami)

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 'सेवा, सुशासन एवं समर्पण जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार' (सेवा पखवाड़ा) कार्यक्रम का शुभारंभ किया. यह कार्यक्रम आईडीपीएल में आयोजित हुआ. सीएम धामी ने कहा कि 2035 तक उत्तराखंड को विकसित प्रदेश बनाने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है. 

उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग आज सवाल उठा रहे हैं, उन्होंने जब मौका मिला तब विकास का कोई काम नहीं किया. उन्होंने पिछले पांच साल में सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों को गिनाया.

क्या है सेवा पखवाड़ा?

यह अभियान जनता की समस्याओं को डोरस्टेप पर हल करने के लिए शुरू किया गया है. इसके तहत बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं. इन शिविरों में स्वास्थ्य, आयुष्मान कार्ड, पेंशन, राजस्व, समाज कल्याण, कृषि और स्वरोजगार जैसी योजनाओं का लाभ सीधे लोगों को दिया जा रहा है. एक पखवाड़े तक दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, किसानों, युवाओं और जरूरतमंद परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का विशेष अभियान चलाया जाएगा.

मौजूद रहे कई प्रमुख नेता:

कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य, खजान दास, भारत चौधरी, धन सिंह रावत और विधायक प्रेमचंद अग्रवाल आदि मौजूद रहे.

सीएम धामी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि हर योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे. सेवा पखवाड़ा इसी लक्ष्य को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. यह अभियान पूरे प्रदेश में चलाया जा रहा है. लोगों को उम्मीद है कि इससे उनकी समस्याओं का तुरंत समाधान होगा और विकास कार्यों में तेजी आएगी.