नैनीताल: पर्यटन नगरी नैनीताल में गुरुवार रात नशे में धुत उत्तर प्रदेश के पर्यटकों ने सनसनीखेज हंगामा कर दिया. पार्किंग विवाद को लेकर इन पर्यटकों ने सड़क पर रौंद डाला. तेज रफ्तार वाहन से कई दोपहिया वाहनों को नुकसान पहुंचाया और एक बुजुर्ग को भी चोट पहुंचाई. घटना तल्लीताल के फांसी गधेरा क्षेत्र की है.
यूपी नंबर के वाहन से आए पर्यटक पार्किंग में वाहन खड़ा करने को लेकर कर्मचारियों से बहस करने लगे. नशे की हालत में थे, इसलिए बात जल्दी ही झगड़े में बदल गई. पर्यटकों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट भी की. इसके बाद उन्होंने गुस्से में आकर तेज गति से वाहन दौड़ा दिया.
पर्यटकों ने वाहन को डीएसबी परिसर जाने वाले रास्ते पर तेजी से दौड़ाया. सड़क किनारे खड़े कई दोपहिया वाहनों को उनकी गाड़ी ने टक्कर मार दी. कई बाइक और स्कूटर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. हंगामे के दौरान एक बुजुर्ग सड़क पर टहल रहे थे. पर्यटकों की तेज रफ्तार वाली गाड़ी की चपेट में आने से वे चोटिल हो गए. हालांकि चोट गंभीर नहीं बताई जा रही है. आसपास के लोग और पार्किंग कर्मचारी इस घटना को देखकर हैरान रह गए. उन्होंने तुरंत पर्यटकों का पीछा किया. कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की कोशिश से पर्यटकों को हॉस्टल के पास पकड़ लिया गया. इसके बाद उन्हें तल्लीताल पुलिस के हवाले कर दिया गया.
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया. पर्यटकों का वाहन सीज कर लिया गया है. तीन पर्यटकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई है. पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है. नशे में वाहन चलाने, मारपीट करने और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसे आरोप इन लोगों पर लग सकते हैं.