menu-icon
India Daily

कृष्ण भक्ति में डूबा पुलिस लाइन परिसर, नरेंद्र सिंह नेगी से लेकर बच्चों तक ने बांधा समांच; CM धामी संग राज्यपाल हुए शामिल

देहरादून पुलिस लाइन में जन्माष्टमी महोत्सव भक्ति, संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सराबोर रहा. राज्यपाल गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में शामिल हुए.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
कृष्ण भक्ति में डूबा पुलिस लाइन परिसर, नरेंद्र सिंह नेगी से लेकर बच्चों तक ने बांधा समांच; CM धामी संग राज्यपाल हुए शामिल
Courtesy: X (@pushkardhami)

देहरादून के रेसकोर्स स्थित पुलिस लाइन में शुक्रवार को जन्माष्टमी का त्योहार धूमधाम से मनाया गया. कार्यक्रम में भक्ति गीतों से लेकर लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को खास बना दिया. लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी ने गढ़वाली गीतों से दर्शकों का मनोरंजन किया. वहीं, बच्चों की प्रस्तुतियों ने भी खूब तालियां बटोरीं. राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत कई गणमान्य लोग महोत्सव में पहुंचे.

दीप प्रज्ज्वलित कर हुआ महोत्सव का शुभारंभ

जन्माष्टमी कार्यक्रम की शुरुआत राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर की. इसके बाद मुंबई आर्ट ग्रुप के कलाकारों ने गणेश वंदना पेश की. परिसर में मौजूद लोगों ने कार्यक्रम का आनंद लिया और हरे कृष्णा के जयघोष से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया.

नरेंद्र सिंह नेगी के गीतों ने बांधा समां

कार्यक्रम में लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया. उन्होंने कई लोकप्रिय गढ़वाली गीत सुनाकर महोत्सव में रंग जमा दिया. इसके बाद बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए. राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने नरेंद्र सिंह नेगी, इंदर आर्य, करिश्मा शाह समेत कई कलाकारों को सम्मानित भी किया.

नशे के खिलाफ बच्चे ने दिया संदेश

जन्माष्टमी समारोह में मनोरंजन के साथ सामाजिक जागरूकता का संदेश भी दिया गया. एक बच्चे ने नशे के खिलाफ रैप प्रस्तुत की. इसमें नशे से होने वाले नुकसान और उत्तराखंड पुलिस की अपील को प्रभावी तरीके से सामने रखा गया. प्रस्तुति के जरिए लोगों को नशे से दूर रहने और जागरूक रहने का संदेश दिया गया.

ऑपरेशन सिंदूर की प्रस्तुति ने जीता दिल

छात्रों के एक समूह ने ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित प्रस्तुति दी, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा. प्रस्तुति ने महोत्सव में देशभक्ति का रंग भर दिया. राज्यपाल गुरमीत सिंह ने बच्चों से मुलाकात की और उनके साथ तस्वीर भी खिंचवाई. कार्यक्रम में राज्यपाल की पत्नी गुरमीत कौर, मुख्यमंत्री की पत्नी गीता धामी, सांसद नरेश बंसल, मंत्री खजानदास, डीजीपी दीपम सेठ और एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल समेत कई लोग मौजूद रहे.