सावधान! कोरियन ड्रामा का शौक पड़ सकता है भारी, 'फ्री ट्रायल' से खाली हो सकता है बैंक खाता

सोशल मीडिया पर कोरियन और चीनी ड्रामा के नाम पर फ्री ट्रायल का लालच देकर साइबर ठगी की जा रही है. अनजान एप डाउनलोड करने और ऑटो पेमेंट की अनुमति देने पर ट्रायल समाप्त होते ही खाते से पैसे कटने लगते हैं.

Pinterest (Representative image)
Km Jaya

फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म पर इन दिनों साइबर ठगों ने लोगों को निशाना बनाने का नया तरीका अपनाया है. आकर्षक चीनी और कोरियन शॉर्ट ड्रामा की वीडियो क्लिप दिखाकर लोगों को अनजान मोबाइल एप डाउनलोड करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है. शुरुआत में फ्री ट्रायल का लालच दिया जाता है, लेकिन ट्रायल अवधि समाप्त होते ही कई मामलों में उपयोगकर्ताओं के बैंक खाते या कार्ड से अपने आप पैसे कटने लगते हैं.

साइबर विशेषज्ञों के अनुसार ठग पहले सोशल मीडिया पर छोटे और रोचक वीडियो दिखाते हैं. पूरा वीडियो देखने के लिए एक एप डाउनलोड करने का विकल्प दिया जाता है. अधिकांश लोग बिना नियम और शर्तें पढ़े एप इंस्टॉल कर लेते हैं. इसी दौरान कई एप उपयोगकर्ताओं से ऑटो पेमेंट, कार्ड या यूपीआई आधारित सब्सक्रिप्शन की अनुमति ले लेते हैं.

एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने क्या बताया?

एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि ट्रायल समाप्त होने के बाद निर्धारित राशि स्वतः बैंक खाते, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या अन्य भुगतान माध्यम से कटने लगती है. कई लोगों को इसकी जानकारी तब होती है, जब उनके खाते से भुगतान हो चुका होता है.


उन्होंने कहा कि केवल मोबाइल से एप हटाने से समस्या समाप्त नहीं होती. यदि किसी एप के लिए ऑटो डेबिट या सब्सक्रिप्शन सक्रिय हो चुका है, तो उसे संबंधित प्लेटफार्म, गूगल प्ले, एप स्टोर या यूपीआई एप की सेटिंग में जाकर अलग से रद्द करना आवश्यक है. ऐसा नहीं करने पर तय अवधि के अनुसार खाते से लगातार राशि कटती रह सकती है.

साइबर पुलिस ने क्या दी है सलाह?

साइबर पुलिस ने लोगों से किसी भी फ्री ट्रायल ऑफर को स्वीकार करने से पहले उसकी सभी शर्तें ध्यान से पढ़ने की सलाह दी है. अनजान या संदिग्ध एप डाउनलोड करने से बचें और बिना आवश्यकता किसी भी एप को ऑटो पेमेंट या कार्ड की अनुमति न दें. यदि आपने किसी सेवा का ट्रायल लिया है, तो ट्रायल अवधि समाप्त होने से पहले उसका सब्सक्रिप्शन रद्द करना न भूलें.

विशेषज्ञों का कहना है कि समय पर सतर्कता बरतकर इस तरह की साइबर ठगी से बचा जा सकता है. यदि किसी व्यक्ति को संदिग्ध भुगतान, अनधिकृत सब्सक्रिप्शन या साइबर धोखाधड़ी का संदेह हो, तो वह तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या स्थानीय पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराए. जागरूकता और सावधानी ही इस तरह के ऑनलाइन फ्रॉड से बचने का सबसे प्रभावी उपाय है.