देहरादून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सरकार ने पिछले 12 सालों में सेवा और विकास की नई मिसाल पेश की है. इन सालों में भारत ने विश्व पटल पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है. वहीं देवभूमि उत्तराखंड भी इन योजनाओं का लाभ उठाते हुए तेजी से आगे बढ़ रहा है. आस्था, पर्यटन और आधुनिक सुविधाओं के संतुलन ने राज्य को नई पहचान दी है, जिसे देखकर हर उत्तराखंडवासी गर्व महसूस कर रहा है.
सरकार के इन 12 सालों में कई ऐतिहासिक कार्य पूरे किए गए हैं. उत्तराखंड में धार्मिक स्थलों के विकास, बेहतर कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचे पर खास ध्यान दिया गया है.
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधामनंत्री के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए और साथ ही उत्तराखंड की प्रगति को मिली रफ्तार के बारे में लिखते हुए अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर पोस्ट किया है.
उन्होंने लिखा कि केदारनाथ और बदरीनाथ धाम के पुनर्विकास ने श्रद्धालुओं के लिए यात्रा को और ज्यादा सुगम बना दिया गया है. चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना के पूरा होने से अब साल भर यात्रा संभव हो सकेगी. साथ ही ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन और विभिन्न रोपवे परियोजनाएं राज्य की पहुंच को और बेहतर बनाने जा रही हैं.
आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के नेतृत्व में सरकार के ये 12 वर्ष सेवा, सुशासन और विकास के पर्याय बन गए हैं। उनके नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर नई पहचान बनाई है और जनकल्याण से लेकर सांस्कृतिक पुनर्जागरण तक अनेक ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।
इन 12 वर्षों में… pic.twitter.com/dXe6Jf5LxI
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) June 11, 2026
इन सालों में सड़क, रेल और हवाई संपर्क को मजबूत किया गया है. इन परियोजनाओं से न सिर्फ स्थानीय अर्थव्यवस्था को बल मिला है बल्कि रोजगार के नए अवसर भी सृजित हुए हैं. राज्य को विश्व स्तरीय आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन केंद्र बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं.
आगामी योजनाएं उत्तराखंड को और ज्यादा विकसित और समृद्ध बनाने का वादा कर रही हैं. इन प्रयासों से पर्यटन उद्योग को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों का जीवन स्तर भी ऊंचा उठेगा.