उत्तराखंड के मंदिरों का बदलेगा स्वरूप, सीएम धामी ने 5 धार्मिक स्थलों के लिए जारी की करोड़ों की राशि
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के पांच प्रमुख मंदिरों के सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों के लिए 3.45 करोड़ रुपये से अधिक की पहली किस्त मंजूर की है. इसके अलावा सड़क निर्माण, सुरक्षा कार्यों और उत्तरांचल प्रेस क्लब को भी आर्थिक सहायता दी गई है.
उत्तराखंड सरकार ने प्रदेश के धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के विकास को नई गति देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के विभिन्न जिलों में स्थित पांच प्रमुख मंदिरों के सौंदर्यीकरण और निर्माण कार्यों के लिए करोड़ों रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है. इसके साथ ही सड़क निर्माण, वन्यजीव सुरक्षा और खेल सुविधाओं के लिए भी धनराशि जारी की गई है.
मुख्यमंत्री ने पौड़ी गढ़वाल के यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र में विकासखंड द्वारीखाल स्थित मां बाल कुंवारी माता मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए कुल 72.67 लाख रुपये की परियोजना में से 43.60 लाख रुपये की पहली किस्त मंजूर की है. इसी तरह विकासखंड दुगड्डा के महाबगढ़ मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए स्वीकृत 1.69 करोड़ रुपये की परियोजना में से 1.02 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी की गई है.
पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा के मंदिरों को भी मिली सौगात
पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र स्थित हरिचंद देवता मंदिर के मास्टर प्लान के लिए 1.42 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है, जिसमें से 85.08 लाख रुपये पहली किस्त के रूप में जारी किए गए हैं. वहीं, ग्राम मिलम में स्थित नंदा देवी मंदिर के सौंदर्यीकरण और अन्य विकास कार्यों के लिए 90.16 लाख रुपये की परियोजना में से 54.09 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं. अल्मोड़ा जिले के सल्ट क्षेत्र में स्थित गुरु गोरखनाथ मंदिर के विकास के लिए 99.61 लाख रुपये की परियोजना में से 59.76 लाख रुपये की पहली किस्त जारी की गई है.
Also Read
सड़क निर्माण और सुरक्षा परियोजनाओं को भी मंजूरी
धामी सरकार ने धार्मिक स्थलों के साथ-साथ बुनियादी ढांचे के विकास पर भी जोर दिया है. मुख्यमंत्री ने चंपावत जिले में तामली से रूपालीगाड़ तक मोटर मार्ग निर्माण के लिए 79.44 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं. इसके अलावा नई टिहरी में जंगली जानवरों से लोगों की सुरक्षा के लिए 93.85 लाख रुपये की परियोजना को भी मंजूरी दी गई है. मुख्यमंत्री ने देहरादून स्थित उत्तरांचल प्रेस क्लब को खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी मंजूर की है.
सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से धार्मिक स्थलों की सुविधाएं बेहतर होंगी, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे. मंदिरों के सौंदर्यीकरण के साथ उत्तराखंड की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को भी नई पहचान मिलने की उम्मीद है.